फिरोजाबाद: पिता की हत्या का आरोपी बेटा मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में चर्चित सुघर सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी बेटे जर्मन सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार देर रात हुई इस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू में किया गया। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की तैयारी में था।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में जर्मन सिंह ने स्वीकार किया कि पिता सुघर सिंह अपनी जमीन का पूरा हिस्सा बड़े बेटे मलखान सिंह और उसके पुत्र रत्नेश के नाम करने की योजना बना रहे थे। इसी बात से वह नाराज था।
आरोपी के अनुसार, उसे जानकारी मिली थी कि पिता सोमवार को तहसील जाकर रजिस्ट्री कराने वाले हैं। इसी आशंका के चलते उसने रविवार को ही हत्या की साजिश रच डाली।
वारदात की पूरी साजिश
रविवार दोपहर वह घर से सब्बल लेकर यह कहकर निकला कि खेत पर तारबंदी का काम करना है। इसके बाद वह खेत में छिप गया और मौके का इंतजार करने लगा।
रात करीब 8 बजे जब बड़ा भाई मलखान सिंह घर लौट गया, तब उसने खेत में चारपाई पर सो रहे पिता पर सब्बल से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने अपनी पत्नी को फोन कर बच्चों के साथ सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा और खुद रात के अंधेरे में लगभग 10 किलोमीटर पैदल चलकर जंगल में छिप गया। बाद में वह आगरा में एक रिश्तेदार के पास फरारी में चला गया।
सरेंडर से पहले पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में आत्मसमर्पण की अर्जी भी दाखिल की थी, जिसकी सुनवाई शुक्रवार को होनी थी। इसी बीच वह हत्या में इस्तेमाल हथियार को ठिकाने लगाने की कोशिश में था, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
इसी दौरान बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली और वह बूढ़ा नहर की ओर जाते समय घेराबंदी में आ गया।
मुठभेड़ में गिरफ्तारी
इंस्पेक्टर अनुज कुमार के मुताबिक, आरोपी की तलाश के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं। घेराबंदी के दौरान जर्मन सिंह ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा।
पुलिस ने मौके से सब्बल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं, जिन्हें उसने झाड़ियों में छिपा रखा था। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.