शिवभक्तों के खाने की गुणवत्ता पर नजर, मुजफ्फरनगर में खाद्य विभाग ने शुरू किया अभियान

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने छह रूट पर विशेष टीमें तैनात कीं।
- होटल, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट, साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता की निगरानी की जाएगी।
- नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान करोड़ों शिवभक्तों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। विभाग ने कांवड़ मार्ग को छह रूट में बांटकर सोमवार से प्रत्येक रूट पर एक-एक विशेष टीम तैनात कर दी है।
ये टीमें कांवड़ यात्रा मार्ग पर आने वाले होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच और निगरानी करेंगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अर्चना धीरान ने मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मीडिया से बातचीत में बताया कि विभाग का उद्देश्य केवल खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकना ही नहीं है, बल्कि ओवररेटिंग, साफ-सफाई, खाद्य गुणवत्ता और लाइसेंस से जुड़े नियमों का पालन भी सुनिश्चित कराना है।
खाद्य प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर निर्धारित रेट लिस्ट लगवाई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं से मनमाने दाम न वसूले जा सकें। इसके साथ ही दुकानों और प्रतिष्ठानों पर ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ ऐप का QR कोड भी लगाया जा रहा है।
श्रद्धालु इस QR कोड को स्कैन कर संबंधित होटल या दुकान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा खाने की गुणवत्ता, ओवररेटिंग, मिलावट या किसी अन्य समस्या की शिकायत भी ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकती है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी दुकानदारों को अपने लाइसेंस और पंजीकरण प्रमाणपत्र दुकान के प्रमुख स्थान पर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्हें साफ-सफाई रखने, ताजा भोजन उपलब्ध कराने, बासी खाद्य सामग्री नहीं बेचने, प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल नहीं करने, साफ बर्तनों का उपयोग करने और खाद्य सामग्री को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
अर्चना धीरान ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यदि कोई दुकानदार मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचता, ओवररेटिंग करता या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, कांवड़ मार्ग पर स्थित एक होटल संचालक रोहित कुमार ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम उनके प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर चुकी है। जांच में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने के बाद रेट लिस्ट और अन्य जरूरी निर्देश प्रदर्शित कर दिए गए हैं और निर्धारित दरों पर ही खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की ओर जाने वाले करोड़ों शिवभक्त मुजफ्फरनगर से होकर गुजरते हैं। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग भी यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शिकायत-मुक्त बनाने के लिए लगातार निगरानी अभियान चला रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.