गाजियाबाद: भारी बारिश बनी काल, तेज बहाव वाली नाली में गिरकर 3 साल की बच्ची की मौत

HIGHLIGHTS
- गाजियाबाद के विजयनगर की सर्वोदय कॉलोनी में बारिश के दौरान नाली में गिरने से 3 साल की बच्ची पल्लवी की मौत हो गई।
- घर के बाहर खेलते समय पैर फिसलने से बच्ची गहरे नाले में जा गिरी, तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
- हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल, घटना ने जलभराव और खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की सर्वोदय कॉलोनी में गुरुवार शाम बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जलभराव के बीच घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची पैर फिसलने से नाली में जा गिरी। तेज बहाव के कारण बच्ची को समय रहते बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा
मृतक बच्ची की पहचान पल्लवी (3) पुत्री सुमित के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार शाम करीब चार बजे हुआ, जब क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी और गलियों में पानी भरा हुआ था। बताया गया कि पल्लवी घर के बाहर खेल रही थी, इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह घर के पास मौजूद गहरी नाली में गिर गई।
परिजनों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बची जान
बच्ची को नाली में गिरता देख परिजनों ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया। उन्होंने तेज बहाव वाले पानी में काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन बारिश के कारण नाली में पानी का बहाव काफी तेज था। काफी मशक्कत के बाद जब बच्ची को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी और उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है। हादसे ने एक बार फिर बारिश के मौसम में खुले नालों, जलभराव और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.