गाजियाबाद में बारिश बनी जानलेवा, इंदिरापुरम में जलभराव में उतरे करंट से 25 वर्षीय युवक की मौत

HIGHLIGHTS
- गाजियाबाद के इंदिरापुरम में दर्दनाक हादसा, बारिश के बाद पार्क में हुए जलभराव में करंट फैलने से 25 वर्षीय सफाईकर्मी की मौत।
- मृतक की पहचान बबलू उर्फ नरेंद्र के रूप में हुई, जो मध्य प्रदेश के छतरपुर का रहने वाला था और एक सोसायटी में सफाई का काम करता था।
- पुलिस ने शुरू की जांच, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और करंट फैलने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में गुरुवार दोपहर एक दुखद हादसे में 25 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना ज्ञानखंड-1 स्थित पार्क नंबर-1 की है, जहां भारी बारिश के बाद हुए जलभराव के बीच अचानक बिजली प्रवाहित होने से युवक इसकी चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्रांसफॉर्मर के पास खड़ा था युवक
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान बबलू उर्फ नरेंद्र के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बड़ा महवा अंजनौर गांव का रहने वाला था और इंदिरापुरम की एक सोसायटी में सफाईकर्मी के तौर पर कार्यरत था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोपहर के समय वह पार्क के पास लगे ट्रांसफॉर्मर के नीचे खड़ा था। इसी दौरान जलभराव वाले क्षेत्र में करंट फैल गया और वह उसकी चपेट में आ गया।
जांच में जुटी पुलिस
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि जलभराव वाले क्षेत्र में करंट कैसे फैला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.