धनतेरस से पहले सोने ने बनाया नया रिकॉर्ड, कीमतें 1 लाख 27 हजार के पार

अमेरिका और चीन के बीच नई ट्रेड वॉर के बीच सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से सोमवार को दिल्ली में सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्ध सोना 1,950 रुपये की तेजी के साथ 1,27,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। पिछले सप्ताह शुक्रवार को यह 1,26,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
इसी तरह, 99.5 प्रतिशत शुद्ध सोना भी 1,950 रुपये बढ़कर 1,27,350 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। एलकेपी सिक्योरिटीज के मुताबिक, अमेरिका-चीन के बीच व्यापारिक तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्प की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे सोने की कीमतों में उछाल आया है।
अमेरिका-चीन तनाव
अमेरिका ने चुनिंदा चीनी उत्पादों पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की, वहीं चीन ने रेयर अर्थ के निर्यात पर प्रतिबंध की धमकी दी। इस भू-राजनीतिक तनाव ने वैश्विक बाजार में जोखिम से बचाव के रूप में सोने की मांग बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा ट्रेड विवाद के चलते सोना मजबूत बना हुआ है।
चांदी ने भी बनाया नया रिकॉर्ड
सर्राफा संघ के अनुसार, हाजिर बाजार में चांदी की कीमतें भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। सोमवार को चांदी में 7,500 रुपये की तेजी के साथ यह 1,79,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर बंद हुई, जबकि शुक्रवार को यह 1,71,500 रुपये प्रति किलोग्राम थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना लगभग 2 प्रतिशत बढ़कर 4,084.99 डॉलर प्रति औंस और हाजिर चांदी 3 प्रतिशत बढ़कर 51.74 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
त्योहारी मांग का असर
एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने बताया कि त्योहारी मांग भी सर्राफा बाजार में उछाल की बड़ी वजह है। इसके अलावा, अमेरिका-चीन तनाव और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं ने निवेशकों को सोना और चांदी में सुरक्षित निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
इंदौर सर्राफा बाजार में रिकॉर्ड
इंदौर में सोमवार को सोना 2,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 11,500 रुपये प्रति किलोग्राम की तेजी के साथ नई ऊंचाई पर पहुंच गई। कारोबारियों के अनुसार, सोना 1,29,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,77,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
इस तेजी से साफ हो गया है कि भू-राजनीतिक तनाव और त्योहारी मांग ने सोना और चांदी को निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक विकल्प बना दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.