भगवंत मान का आरोप, दिल्ली एयरपोर्ट पर दो घंटे बैठाकर किया गया प्रताड़ित

HIGHLIGHTS
- भगवंत मान ने शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई घटना का जिक्र किया।
- मुख्यमंत्री के मुताबिक, कस्टम अधिकारियों ने उनके सामान की जांच की।
- AAP ने पेरिस से लौटने के बाद तीन घंटे तक रोके जाने का दावा किया।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि उन्हें दो घंटे तक एयरपोर्ट पर बैठाकर रखा गया। मान के मुताबिक, इस दौरान उनके सामान की जांच भी की गई, लेकिन कस्टम अधिकारियों को उसमें कुछ नहीं मिला।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कस्टम विभाग के प्रमुख मनीष, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के सगे भाई हैं। मान ने आरोप लगाया कि मौका मिलने पर उनके साथ बदले की कार्रवाई की गई।
पेरिस से लौटने पर एयरपोर्ट पर रोकने का आरोप
दरअसल, आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया था कि पेरिस से लौटने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर जानबूझकर तीन घंटे तक रोका गया। पार्टी के मुताबिक, इसके बाद 50,000 रुपये का चालान भी काटा गया। हालांकि, चालान किस वजह से काटा गया, इसकी जानकारी नहीं दी गई।
आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने आरोप लगाया था कि भाजपा की केंद्र सरकार पंजाबियत को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ती। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर स्तर पर पंजाब के साथ धक्केशाही कर रही है।
केंद्र सरकार पर पंजाब के साथ भेदभाव का आरोप
बलतेज पन्नू ने कहा कि पहले दिल्ली की सीमाओं पर किसानों को डेढ़ साल तक जबरन बैठाकर रखा गया और इसके बाद पंजाब के हक के फंड जारी नहीं किए गए।
उन्होंने यह भी दावा किया कि अब तक कम से कम चार बार मुख्यमंत्री भगवंत मान को विदेश यात्रा की अनुमति नहीं दी गई। पन्नू के मुताबिक, भाजपा सरकार को डर है कि मुख्यमंत्री विदेश जाकर निवेश और फंड लाएंगे, जिससे पंजाब को तरक्की की राह पर आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.