यूपी की 11,350 ग्राम पंचायतों में बनेंगी हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी, युवाओं को मिलेगी पढ़ाई की सुविधा

HIGHLIGHTS
- यूपी की 11,350 ग्राम पंचायतों में हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं।
- लाइब्रेरी में ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर समेत 20 हजार से अधिक डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी।
- युवाओं को गांव में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा मिलेगी, आधार सेवा केंद्र भी चरणबद्ध तरीके से बनाए जाएंगे।
लखनऊ। पंचायती राज विभाग प्रदेश की 11,350 ग्राम पंचायतों में हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करा रहा है। इन सभी लाइब्रेरी को जल्द शुरू करने की तैयारी है। इसके शुरू होने के बाद गांवों में रहने वाले युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इन लाइब्रेरियों में अध्ययन के लिए 20 हजार से अधिक डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना के पहले चरण में 37 जिलों में पुस्तकों और फर्नीचर की आपूर्ति पूरी कर दी गई है। अब तक 10,976 ग्राम पंचायतों में पुस्तकें पहुंचाई जा चुकी हैं, जबकि 9,909 ग्राम पंचायतों में फर्नीचर उपलब्ध करा दिया गया है। एक डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना पर करीब चार लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
इस राशि से पुस्तकों के साथ आईटी उपकरण और आधुनिक फर्नीचर की व्यवस्था की जा रही है। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद देने के लिए ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर, ऑडियो कंटेंट, डिजिटल लर्निंग मॉड्यूल और इंटरैक्टिव क्विज समेत 20 हजार से अधिक डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा पंचायती राज विभाग ने 110 ग्राम पंचायतों में आधार नामांकन और आधार से जुड़ी अन्य सेवाएं भी शुरू कर दी हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 75 हजार से अधिक लोगों को आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
पंचायती राज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश की सभी 57,694 ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पहले चरण में पांच हजार ग्राम पंचायतों को इस योजना से जोड़ा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.