कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला: श्रद्धा दुबे की तलाश में रायबरेली पहुंची पुलिस

HIGHLIGHTS
- पुलिस टीम ने रामजीपुरम स्थित आवास पर दोपहर करीब 12 बजे पूछताछ शुरू की।
- जांच के दौरान श्रद्धा के घटना के बाद परिजनों से संपर्क करने की संभावना के बारे में सवाल किए गए।
- पुलिस ने घर में पहले किराये पर रहकर पढ़ाई करने वाले आनंद के बारे में भी जानकारी जुटाई।
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश में लखनऊ पुलिस रायबरेली पहुंची। टीम ने शहर के रामजीपुरम स्थित श्रद्धा के आवास पर उसके पिता एसपी दुबे और सौतेली मां से करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने श्रद्धा के घर में कुछ साल पहले किराये पर रह चुके आनंद नाम के युवक के बारे में भी जानकारी जुटाई। पूछताछ पूरी करने के बाद टीम लखनऊ लौट गई।
दरअसल, कारोबारी की मौत के मामले में आरोपी श्रद्धा अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसके पिता और सौतेली मां रायबरेली शहर स्थित आवास में रहते हैं। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे लखनऊ से पहुंची पुलिस टीम ने घर पर दोनों से श्रद्धा के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने यह जानने का प्रयास किया कि श्रद्धा किन-किन लोगों के संपर्क में थी और घटना के बाद उसने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश की थी या नहीं।
पुलिस ने श्रद्धा के घर में किराये पर रहकर पढ़ाई करने वाले आनंद के बारे में भी जानकारी ली। बताया जाता है कि आनंद अब किसी दूसरी जगह नौकरी कर रहा है। पुलिस ने यह पता लगाने का प्रयास किया कि कहीं वह श्रद्धा की मदद तो नहीं कर रहा है। करीब डेढ़ बजे पुलिस टीम वापस लखनऊ लौट गई। हालांकि, श्रद्धा के पिता और सौतेली मां से पूछताछ में क्या जानकारी मिली, इस बारे में पुलिस ने कुछ नहीं बताया।
'आप लोगों के घर में भी औलादें होंगी'
पुलिस की पूछताछ के बाद श्रद्धा की सौतेली मां से घटना के संबंध में सवाल किए गए। इस पर उन्होंने हाथ जोड़कर कहा कि उनका श्रद्धा से कोई संबंध नहीं है और न ही उनसे कोई बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि कई साल से श्रद्धा का घर आना-जाना भी नहीं है। सौतेली मां ने कहा, “हम लोगों को जीने दीजिए। आप लोगों के घर में भी औलादें होंगी।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.