दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, मां और 10 माह के बेटे की मौत; 4 साल के बच्चे का पैर कटा

HIGHLIGHTS
- गाजियाबाद के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे हादसा हुआ।
- बाइक सवार परिवार पिलखुआ के गांव सिखैड़ा से गाजियाबाद जा रहा था।
- सुंदरदीप कॉलेज के पास बाइक टैंकर के नीचे आ गई।
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक महिला और उसके 10 माह के बेटे की जान चली गई, जबकि चार वर्षीय बेटे का पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। बाइक चला रहा महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर पिलखुआ के गांव सिखैड़ा से गाजियाबाद की ओर जा रहा था।
टैंकर के नीचे आ गई बाइक
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि हापुड़ के पिलखुवा थाना क्षेत्र के गांव सिखैड़ा निवासी असलम (32) पुत्र अलीहसन शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे अपनी पत्नी गुलशन (30) और दो बच्चों रैयान (4) व अरसलान (10 माह) के साथ बाइक से गाजियाबाद जा रहे थे।
सुंदरदीप कॉलेज के पास एनएच-9 पर पहुंचने के दौरान पीछे से आ रहा एक टैंकर एक्सप्रेसवे पर बाईं ओर चढ़ रहा था। इसी दौरान बाइक टैंकर के नीचे आ गई।
हादसे में रैयान का पैर शरीर से अलग हुआ
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार पूरा परिवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में असलम, गुलशन और दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आईं। सभी को तत्काल एंबुलेंस से डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने गुलशन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 10 माह के अरसलान को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। हादसे में चार वर्षीय रैयान का पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। घायल असलम और रैयान को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मजदूरी करता है असलम
पुलिस ने हादसे में शामिल टैंकर को कब्जे में ले लिया है। एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि मृतक गुलशन और उसके 10 माह के बेटे अरसलान को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.