मेरठ में पटाखों की तेज आवाज से घबराकर गिरा 5 साल का बच्चा, इलाज के दौरान मौत

HIGHLIGHTS
- हर्ष कुमार घर की चौखट पर खड़े होकर अपनी बहन के साथ आतिशबाजी देख रहा था।
- पड़ोसी के पटाखे की तेज आवाज से घबराकर घर के अंदर भागते समय सिर के बल गिरा।
- सिर में नुकीली वस्तु लगने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मेरठ। ब्रह्मपुरी क्षेत्र के शिव शक्तिनगर में पटाखों की आवाज से घबराकर भाग रहा पांच साल का बच्चा गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वह घर की चौखट पर खड़े होकर आतिशबाजी देख रहा था। इसी दौरान तेज धमाके वाले पटाखे की आवाज सुनकर वह अंदर की ओर भागा और फर्श पर सिर के बल गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत केएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया गया।
देर रात हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने बच्चे को रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग उसे आनंद अस्पताल ले गए। यहां सुबह करीब पांच बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने आतिशबाजी कर रहे पड़ोसी के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिव शक्तिनगर निवासी नीरज सिंह प्रिंटिंग प्रेस में कारीगर हैं। उनका पांच वर्षीय बेटा हर्ष कुमार अपनी बड़ी बहन के साथ घर की चौखट पर खड़ा होकर आतिशबाजी देख रहा था। इसी दौरान पड़ोसी यश गुप्ता घर के सामने पटाखे चला रहे थे। रात करीब 9:45 बजे पटाखे की तेज आवाज सुनकर हर्ष घबरा गया और घर के अंदर भागने लगा।
इसी दौरान वह सिर के बल फर्श पर गिर पड़ा। आशंका है कि वहां रखी कोई नुकीली वस्तु उसके सिर में लग गई। बच्चे के सिर से खून निकलता देख परिजन घबरा गए और उसे आनन-फानन में केएमसी अस्पताल ले गए। वहां उसका उपचार शुरू किया गया।
बच्चे की हालत गंभीर होने पर रात करीब तीन बजे उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन हर्ष को आनंद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सुबह 4:45 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि पड़ोसी यश गुप्ता की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि पड़ोसी तेज आवाज में आतिशबाजी कर रहे थे। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार का इकलौता बेटा था हर्ष
नीरज सिंह की शादी प्रिया से हुई थी। उनके परिवार में एक बड़ी बेटी और छोटा बेटा हर्ष था। हर्ष का जन्मदिन 27 दिसंबर को है और इस साल वह पांच साल का हुआ था। परिवार के लोग इस बार उसका जन्मदिन बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रहे थे।
लेकिन बच्चे की मौत के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बेटे को खोने के गम में मां प्रिया का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि सिर में नुकीली वस्तु लगने के कारण हर्ष की मौत हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.