'2027 में भाजपा को फिर सत्ता में लाएगी जनता', मेरठ में बोले डिप्टी सीएम केशव मौर्य

HIGHLIGHTS
- मेरठ के दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में संत रविदास की 650वीं जयंती पर महासभा आयोजित हुई।
- कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
- केशव मौर्य ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर राजनीतिक हमला बोला।
मेरठ के दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में शुक्रवार को संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा एवं महासभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि 2047 तक उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव और दिल्ली में राहुल गांधी के लिए कोई जगह नहीं होगी। मौर्य ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को एक बार फिर सत्ता में लाएगी।
अखिलेश यादव को बताया सैफई का प्रधान बनने लायक
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को दोबारा सत्ता में लाकर गुंडागर्दी सहने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि फिलहाल अखिलेश यादव के लिए लखनऊ की सत्ता में कोई जगह नहीं है और वे केवल सैफई के प्रधान बन सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश की जनता गुंडागर्दी की वापसी नहीं होने देगी।
डिप्टी सीएम ने सपा के घोषणा पत्र को बेमानी बताते हुए कहा कि पार्टी कानून-व्यवस्था की बात कर रही है, जबकि उसे गुंडों की बात करनी चाहिए। मथुरा का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण की नगरी का नाम नहीं लेते, क्योंकि वहां जाने से मुस्लिम मतदाता नाराज हो सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का डंका
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बनी ब्रह्मोस मिसाइल पाकिस्तान के मंसूबों को चकनाचूर कर रही है। उनके मुताबिक, देश में तीन बार हुए आतंकी हमलों का केंद्र सरकार ने मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसके बाद चौथी बार आतंकी हमला नहीं हो पाया।
उन्होंने श्रमिकों के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण करने वाले श्रमिकों की पूजा कर चुके हैं।
51 हजार मंदिरों में लगाए गए संत रविदास के चित्र
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और समरसता यात्रा के संयोजक लाल सिंह आर्य ने कहा कि जिनके भाग्य फूटे होते हैं, वे संत-महात्माओं की जयंती नहीं मना पाते और उन्हें संतों का आशीर्वाद भी नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि जालंधर में एयरपोर्ट का नाम संत रविदास के नाम पर रखा गया है। जहां संत रविदास ने जन्म लिया था, वहां की मिट्टी को कलश में लेकर यात्रा निकाली गई।
उन्होंने कहा कि 51 हजार मंदिरों में संत रविदास के चित्र लगाकर दीपोत्सव मनाया गया। यह यात्रा जालंधर से रवाना होकर गुरुवार को मेरठ पहुंची थी। 20 फरवरी को यात्रा का समापन होगा।
जनसभा में ये नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, सांसद अरुण गोविल, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, क्षेत्रीय प्रभारी रामप्रताप सिंह चौहान, क्षेत्रीय महामंत्री संजीव गोयल सिक्का, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एलएमसी धर्मेंद्र भारद्वाज, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, कमलदत्त शर्मा, गजेंद्र शर्मा, अमित शर्मा और अंकित चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.