मेरठ में गंगा घाट पर ट्रैक्टर स्टंट का विरोध करने पर युवक की हत्या, छह लोग घायल

HIGHLIGHTS
- विरोध करने पर 15 से 20 हमलावरों ने बिजेंद्र सैनी को घेरकर हमला कर दिया।
- हमले में हॉकी, डंडों और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया गया।
- बीच-बचाव करने पहुंचे तीन महिलाओं समेत छह लोग भी घायल हो गए।
मेरठ। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के खरकाली गंगा घाट पर ट्रैक्टर से स्टंट और हुड़दंग का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। विरोध करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने हॉकी, डंडों और लोहे की रॉड से युवक पर हमला कर दिया। बेरहमी से की गई पिटाई में उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे तीन महिलाओं समेत छह अन्य लोगों को भी हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावर शराब के नशे में थे। मामले में दस नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
किठौर थाना क्षेत्र के गांव तरबियतपुर जनूबी बागवाला निवासी पूर्व प्रधान बिजेंद्र सैनी पुत्र कृष्णपाल अपने परिजनों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से खरकाली गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। इसी दौरान गंगा मेले में तंबू लगाकर परीक्षितगढ़ कस्बे की होली चौकी निवासी कुछ लोग वहां डेरा डाले हुए थे। आरोप है कि ये लोग कभी गाली-गलौज कर रहे थे तो कभी ट्रैक्टर से स्टंट दिखाकर हुड़दंग मचा रहे थे। बिजेंद्र ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी मारपीट पर आमादा हो गए।
बताया गया कि मध्य रात्रि करीब एक बजे आरोपी फिर तेज आवाज में डीजे बजाकर शोर-शराबा करने लगे और ट्रैक्टर से स्टंट करने लगे। बिजेंद्र ने दोबारा इसका विरोध किया तो 15 से 20 हमलावर हॉकी, डंडे और लोहे की रॉड लेकर उसे घेर लिया। इसके बाद सभी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बचाव करने पहुंचे तीन महिलाओं समेत छह लोग भी घायल
बिजेंद्र को बचाने के लिए उसकी पत्नी बबीता, रजत पुत्र बबली, रिश्तेदार विक्की पुत्र सूबे सिंह निवासी लावड़, इंचौली, सतीश पुत्र मूलचंद और उनकी पत्नी सुरेश देवी निवासी फदीनगर, थाना भोजपुर, गाजियाबाद तथा गीता पत्नी सुभाष निवासी जसड़ सुलतानपुर, थाना सरूरपुर आगे आए। हमलावरों ने इन सभी के साथ भी जमकर मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने बिजेंद्र को मृत घोषित किया
संघर्ष की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी परीक्षितगढ़ लेकर गई। यहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने बिजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विक्की को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
मृतक के बड़े भाई सुनील कुमार ने दस नामजद समेत कुल 20 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.