मेरठ से उजैद गिरफ्तार, पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े होने का शक

HIGHLIGHTS
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एटीएस और पुलिस की कार्रवाई में मेरठ से उजैद गिरफ्तार।
- उजैद के पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े होने का शक।
- जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार मोहम्मद साजिद से ऑनलाइन बातचीत करता था उजैद।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एटीएस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मेरठ से उजैद नाम के एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि वह पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी और जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार मोहम्मद साजिद के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस पर फिदायीन हमले की साजिश का सीधा संबंध मेरठ से जुड़ने के बाद खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उजैद पिछले कुछ महीनों से साजिद के संपर्क में था और दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत होती थी। वहीं, कश्मीर पुलिस करीब दस महीने से उसकी तलाश कर रही थी। फिलहाल उजैद की गिरफ्तारी की जानकारी कश्मीर पुलिस को दे दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार साजिद से संपर्क होने की आशंका
जांच के दौरान उजैद का संपर्क जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार मोहम्मद साजिद से होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों ऑनलाइन बातचीत करते थे। जांच एजेंसियों को यह भी संदेह है कि उजैद पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
जांच अधिकारियों का ध्यान इस बात पर है कि उजैद सीधे पाकिस्तानी हैंडलर और शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में था या उसे किसी बिचौलिए के माध्यम से निर्देश दिए जा रहे थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किन लोगों ने ठिकाना दिया और उसकी पहचान छिपाने में किसने मदद की। मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
बनियापाड़ा का रहने वाला है उजैद
उजैद मेरठ के कोतवाली क्षेत्र स्थित बनियापाड़ा का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य घर छोड़कर चले गए हैं। कश्मीर पुलिस करीब दस महीने से उजैद की तलाश में जुटी थी। एसटीएफ की कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं।
पहले भी पुलिस को चकमा देकर भागा था उजैद
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के मुताबिक, इस गिरफ्तारी से जुड़ा एक अहम पहलू आरोपी का पुराना रिकॉर्ड भी है। कुछ महीने पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस इसी मामले में उजैद की तलाश में मेरठ आई थी, लेकिन उस समय वह पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद से वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।
पड़ोसियों ने बताया सीधा-सादा लड़का, परिवार को बताया सज्जन
उजैद की गिरफ्तारी के बाद उसके पड़ोसियों ने परिवार को सज्जन और उसे सीधा-सादा युवक बताया है। पड़ोसी मोहम्मद के अनुसार, उजैद मिलने पर हमेशा दुआ-सलाम करता था। उन्होंने बताया कि परिवार से उनकी नजदीकी है और मोहल्ले में परिवार के किसी सदस्य के गलत गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी नहीं है।
मोहम्मद ने बताया कि यह मामला पिछले साल से चल रहा है। इससे पहले भी पूछताछ के लिए परिवार के एक युवक को ले जाया गया था। उजैद के पिता साजिद फलों के आढ़ती हैं और उजैद उनके साथ काम करता है।
मोहम्मद के मुताबिक, परिवार के सदस्य सुबह नमाज के बाद काम पर निकलते हैं और दोपहर करीब दो बजे घर लौटते हैं। सेब के कारोबार से जुड़े लोगों का हिमाचल और कश्मीर आना-जाना सामान्य बात है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के मोबाइल पर कौन-सा कंटेंट देखा जा रहा है, इसकी जानकारी घर के अन्य सदस्यों को भी नहीं होती। ऐसे में इस बारे में वे कुछ नहीं कह सकते।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.