मेरठ में छोटे भाई ने पत्थर से वार कर बड़े भाई की हत्या की, शराब पीकर घर आने पर हुआ था विवाद

HIGHLIGHTS
- घटना मेरठ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पांडव नगर स्थित जे-ब्लॉक की है।
- 65 वर्षीय कमलेश के तीन बेटे नितिन, अनिकेत और अविरल हैं।
- रविवार रात करीब 11 बजे अनिकेत शराब के नशे में घर पहुंचा था।
मेरठ। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पांडव नगर स्थित जे-ब्लॉक में शराब पीकर घर लौटने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई अविरल यादव ने बड़े भाई अनिकेत की पत्थर से वार कर हत्या कर दी। रविवार रात हुई इस घटना में सिर पर लगातार चोट लगने और अधिक खून बहने से अनिकेत ने कमरे में ही दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह भाई का शव देखने के बाद अविरल घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। शाम को बड़े भाई के फोन नहीं उठाने पर पड़ोसी घर पहुंचा, जिसके बाद हत्या का मामला सामने आया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
पांडव नगर के जे-ब्लॉक में रहने वाली 65 वर्षीय कमलेश के तीन बेटे हैं। इनमें नितिन (37), अनिकेत कुमार (35) और अविरल (33) शामिल हैं। शादी के बाद सबसे बड़ा बेटा नितिन अपने परिवार के साथ गढ़ रोड पर किराये के मकान में रहने लगा था। वहीं, अविवाहित अनिकेत और अविरल अपनी मां कमलेश के साथ रहते थे। बताया गया कि अनिकेत पहले एसबीआई में संविदा पर नौकरी करता था। वहां से काम छूटने के बाद उसने एक कपड़े के शोरूम में नौकरी शुरू की, लेकिन कुछ दिन पहले वह काम भी छोड़ चुका था और घर पर ही रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 11 बजे अनिकेत शराब के नशे में घर पहुंचा। छोटे भाई अविरल ने इस बात का विरोध किया कि वह शराब पीकर घर क्यों आया है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। गुस्से में अविरल ने पत्थर उठाया और अनिकेत के सिर पर कई बार वार कर दिए।
खून से लथपथ अनिकेत अपने कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। दूसरी ओर, मानसिक रूप से अस्वस्थ मां कमलेश अपने कमरे में सो रही थीं। उन्हें इस घटना की जानकारी तक नहीं हुई। अधिक खून बहने के कारण अनिकेत की रात में ही मौत हो गई। सोमवार सुबह जब अविरल ने बड़े भाई को मृत अवस्था में देखा तो घबरा गया। इसके बाद वह घर के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।
फोन नहीं उठाने पर पड़ोसी को घर भेजा, तब सामने आया मामला
सोमवार शाम बड़े भाई नितिन ने अनिकेत के मोबाइल पर कई बार कॉल की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद नितिन ने पड़ोसी कपिल कन्नौजिया को फोन कर घर जाकर अनिकेत को देखने के लिए कहा। कपिल मौके पर पहुंचे और किसी तरह मकान का ताला खुलवाकर अंदर गए। वहां कमरे में अनिकेत का शव पड़ा मिला। उन्होंने तुरंत नितिन और थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
हत्या की जानकारी मिलते ही सीओ सिविल लाइंस दीक्षा भौरिया और इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने बड़े भाई नितिन की तहरीर पर अविरल के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.