IAS दिव्या मित्तल ने 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद दिया इस्तीफा, भावुक पोस्ट में बताई वजह

HIGHLIGHTS
- दिव्या मित्तल 2013 बैच की आईएएस अधिकारी हैं
- आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से की पढ़ाई
- लंदन में नौकरी करने के बाद भारत लौटी थीं
आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने 13 वर्षों की प्रशासनिक सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी। इस संदेश में उन्होंने आईएएस बनने के सफर से लेकर प्रशासनिक सेवा के दौरान आम लोगों से मिले अनुभवों और उनसे मिली सीख का जिक्र किया।
दिव्या मित्तल ने बताया कि साधारण परिवेश में पली-बढ़ी होने के बावजूद उन्होंने बेहतर और सफल जीवन का सपना देखा था। दिन-रात मेहनत कर उन्होंने आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से पढ़ाई की। इसके बाद उन्हें लंदन में नौकरी मिली। हालांकि, सब कुछ हासिल करने के बाद भी उन्हें अपने देश से दूर रहने का खालीपन महसूस होता रहा।
उन्होंने लिखा कि उनकी शिक्षा, आत्मविश्वास और दुनिया में कहीं भी सिर उठाकर चलने की ताकत इसी देश की मिट्टी का कर्ज है। इसी कर्ज को चुकाने की इच्छा से वह भारत लौटीं और आईएएस अधिकारी बनने का अवसर मिला।
उन्होंने अपनी सेवा यात्रा के दौरान देवरिया और मीरजापुर में मिले अनुभवों और आम लोगों से मिले स्नेह को भी याद किया। उन्होंने कहा कि पद भले ही छूट गया हो, लेकिन देश की मिट्टी से मिला सपना जीवन भर उनके साथ रहेगा।
बताते चलें कि दिव्या मित्तल वर्ष 2013 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। मौजूदा समय में वह राजस्व विभाग में विशेष सचिव के रूप में तैनात हैं। 6 मई को उन्हें देवरिया डीएम के पद से हटाया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.