48 घंटे में हत्यारों का एनकाउंटर नहीं हुआ तो सीएम आवास के बाहर आत्महत्या करूंगी: अंकित बालियान की पत्नी

HIGHLIGHTS
- अंकित बालियान की हत्या के बाद पत्नी सीमा का वीडियो सामने आया
- सीमा ने बताया कि 2023 में दो बार फोन पर धमकी मिली थी
- बुधवार शाम साढ़े चार बजे हुई थी अंकित से आखिरी बातचीत
शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या के बाद उनके स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी सीमा, जो दिल्ली में सरकारी शिक्षिका हैं, का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में उन्होंने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
सीमा ने कहा कि मेरे पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई और इससे मेरी पूरी दुनिया खत्म हो गई है। उन्होंने बताया कि उन्हें सांस लेने में भी परेशानी हो रही है और वह दवाओं के सहारे हैं।
उन्होंने पुलिस-प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर अगले एक-दो दिनों में अंकित की हत्या करने वाले बदमाशों का एनकाउंटर नहीं किया गया, तो वह मुख्यमंत्री आवास के पास पहुंचकर आत्महत्या कर लेंगी।
पत्नी का दर्द, बोलीं- मेरी दुनिया खत्म हो गई
शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर अंकित बालियान की पत्नी सीमा का वीडियो प्रसारित हुआ। इसमें उन्होंने कहा कि फिलहाल अंकित का किसी से कोई विवाद नहीं था। हालांकि, 2023 में उन्हें दो बार फोन पर धमकी जरूर मिली थी।
सीमा ने बताया कि अंकित मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। इसी वजह से हरियाणा में उन्हें कुछ हद तक अलग-थलग रखा गया था और फिलहाल हरियाणा से उन्हें किसी तरह का सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी का फोन भी नहीं आया है।
साल 2023 में मिली थी फोन पर धमकी
सीमा के अनुसार, बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे उनकी अंकित से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस दौरान अंकित ने किसी नए गाने पर काम चलने की बात कही थी। उस समय सब कुछ सामान्य था और अंकित किसी तरह के तनाव में नहीं थे।
सीमा ने कहा कि सरकार कहती है कि यूपी में अपराध नहीं है, लेकिन चार लोग आते हैं और सरेआम हत्या करके चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि उनका कोई बच्चा भी नहीं है और उनका सब कुछ तबाह हो गया।
सीमा ने पुलिस सुरक्षा पर उठाए सवाल
सीमा ने कहा कि वह दिल्ली में सरकारी शिक्षिका हैं, फिर भी उन्हें सुरक्षा का एहसास कैसे हो? उन्होंने सवाल किया कि उनके पति की क्या गलती थी और अब वह कैसे जिएंगी।
उनके मुताबिक, घटना के 24 घंटे बाद भी प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सीमा ने सवाल उठाया कि हरियाणा से बदमाश हथियार लेकर शामली में कैसे पहुंचे? हरियाणा सीमा से लेकर पूरे जिले की पुलिस उस समय क्या कर रही थी?
उन्होंने आरोपितों के तत्काल एनकाउंटर की मांग की और चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर एनकाउंटर नहीं हुआ तो वह सीएम कार्यालय के पास जाकर आत्महत्या कर लेंगी।
पेट्रोल डालने वाले वीडियो पर पुलिस तुरंत पहुंची थी
अंकित बालियान की हत्या के बाद उनकी चाची ने भी पुलिस की कार्यशैली और कथित दोहरे रवैये पर नाराजगी जताई। मीडिया से बातचीत में चाची ने करीब आठ महीने पुरानी घटना का जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि जब अंकित का गाड़ी में पेट्रोल डालते हुए एक वीडियो सामने आया था, तब कुछ ही देर में पुलिस की कई गाड़ियां उसकी तलाश में पहुंच गई थीं और पुलिस उसे तुरंत अपने साथ ले गई थी।
चाची ने सवाल किया कि आज वही पुलिस कहां है? जब अंकित की सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई, तो अब तक आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर क्यों हैं? उन्होंने मांग की कि जिस तरह पुलिस ने पहले तत्परता दिखाई थी, उसी तरह अब भी कार्रवाई करे और बदमाशों का एनकाउंटर करे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.