जयपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के तुरंत बाद फिर हवा में उड़ी इंडिगो फ्लाइट, 20 मिनट बाद सुरक्षित लैंडिंग

HIGHLIGHTS
- विमान ने जयपुर के आसमान में करीब 20 मिनट अतिरिक्त चक्कर लगाया
- एयरपोर्ट की सुरक्षा टीमें इस दौरान अलर्ट मोड पर रहीं
- पायलट ने दोबारा लैंडिंग के लिए अप्रोच किया
जयपुर हवाई अड्डे पर बृहस्पतिवार दोपहर उदयपुर से पहुंची इंडिगो की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान रनवे को छूने के तुरंत बाद दोबारा हवा में उठ गई। पायलट ने लैंडिंग की प्रक्रिया रोकते हुए गो-अराउंड का फैसला किया। फ्लाइट संख्या 6E-7516 ने रनवे पर टचडाउन के बाद फिर से उड़ान भरी। इसके बाद पायलट ने करीब 20 मिनट तक हवा में अतिरिक्त चक्कर लगाए और दोपहर 1:02 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई।
शेड्यूल के अनुसार इंडिगो की यह फ्लाइट दोपहर 12:50 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचती है। बृहस्पतिवार को विमान ने लैंडिंग के लिए करीब 12:42 बजे अप्रोच किया था। रनवे पर टचडाउन होने के बाद पायलट ने लैंडिंग अबॉर्ट कर दी और विमान को दोबारा टेकऑफ करा दिया। रनवे छूने के बाद विमान के फिर हवा में उठने से एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए स्थिति पर गंभीरता से निगरानी रखी गई।
सुरक्षा टीमें रहीं अलर्ट
विमान के अचानक दोबारा उड़ान भरने के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई। अतिरिक्त राउंड के दौरान फ्लाइट में मौजूद यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को लेकर संबंधित सभी टीमें लगातार अलर्ट रहीं। विमान ने जयपुर के आसमान में करीब 20 मिनट तक अतिरिक्त चक्कर लगाया।
इसके बाद पायलट ने फिर से लैंडिंग के लिए अप्रोच किया और दोपहर 1:02 बजे विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया।
गो-अराउंड सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा
एविएशन सेक्टर में लैंडिंग के दौरान अगर पायलट को लगता है कि विमान का अप्रोच तय सुरक्षा मानकों के मुताबिक नहीं है या किसी कारण सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो वह गो-अराउंड का फैसला ले सकता है। इस प्रक्रिया में विमान को रनवे पर उतारने के बजाय दोबारा टेकऑफ कराया जाता है और परिस्थितियां अनुकूल होने पर फिर से लैंडिंग कराई जाती है।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि अनस्टेबल अप्रोच या किसी अन्य ऑपरेशनल वजह से पायलट ने लैंडिंग जारी रखने के बजाय विमान को फिर से हवा में ले जाने का निर्णय लिया। हालांकि, इस मामले में गो-अराउंड की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.