अंकित बालियान के घर पहुंचे जयंत चौधरी, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना

HIGHLIGHTS
- जयंत चौधरी के पहुंचने पर अंकित के आवास पर जुटी बड़ी संख्या में भीड़।
- सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने किए कड़े इंतजाम।
- अंकित के पिता ने पुलिस कार्रवाई पर जताई संतुष्टि।
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद केंद्रीय मंत्री और आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी सोमवार को बनती खेड़ा स्थित उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। जयंत चौधरी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं।
जयंत चौधरी के पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अंकित के घर पहुंच गए। भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। आवास के साथ आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया और लोगों की आवाजाही पर नजर रखी गई।

जयंत चौधरी की मुलाकात के दौरान राजपाल बालियान, प्रसन्न चौधरी, अशरफ अली खान, अब्दुल राव वारिश, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, बीर सिंह मलिक, संदीप मलिक, डीएम आलोक यादव, एसपी एनपी सिंह, योगेंद्र चेयरमैन, अनिल मंत्री, तरसपाल मलिक, निजी सलाहकार बीरपाल मलिक और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, बीती रात पुलिस मुठभेड़ में अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े दो आरोपियों के मारे जाने के बाद परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया दी। अंकित के पिता ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई से उन्हें कुछ राहत मिली है। हालांकि, उन्होंने मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग भी की।
अंकित की हत्या के बाद से क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है। परिजन लगातार हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जयंत चौधरी के परिवार से मिलने पहुंचने और पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपियों के मारे जाने के बाद यह मामला एक बार फिर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.