‘बीजेपी जॉइन करो वरना परिवार के लिए ठीक नहीं होगा’: CJP फाउंडर अभिजीत दिपके का दावा

HIGHLIGHTS
- CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने बीजेपी पर दबाव और धमकी देने का आरोप लगाया।
- दिपके ने युवाओं, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
- उन्होंने छात्रों पर पेलेट गन इस्तेमाल किए जाने के मामले में अमित शाह से इस्तीफे की मांग की।
सीजेपी (CJP) फाउंडर अभिजीत दिपके ने बीजेपी पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें और उनके परिवार को कई बार धमकियां दी गईं कि बीजेपी में शामिल हो जाएं, नहीं तो परिवार के लिए अच्छा नहीं होगा।
दिपके ने कहा कि हैरानी की बात है कि उनकी उम्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के पोते की उम्र के बराबर है, फिर भी उनसे इतना डर दिखाया जा रहा है कि धमकियां देने की नौबत आ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी को युवाओं, देश की शिक्षा व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि उसे सिर्फ सत्ता चाहिए।
उन्होंने कहा कि बीजेपी में बलात्कारियों और अपराधियों का स्वागत होता है और उन्हीं को महत्व दिया जाता है। उन्होंने सेंगर मामले का जिक्र करते हुए कहा कि वह बीजेपी विधायक थे। साथ ही उन्होंने शिक्षा मंत्री को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि ऐसी स्थिति में देश की शिक्षा व्यवस्था तय करने की जिम्मेदारी इन्हीं लोगों के पास है।
'राहुल गांधी का बयान सही लगता है'
अभिजीत दिपके ने कहा कि युवाओं, शिक्षा, रोजगार और देश से जुड़े मुद्दों पर सिर्फ विपक्ष ही नहीं बल्कि पूरे देश को एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जो भी युवाओं, शिक्षा और देश से जुड़े मुद्दों के साथ खड़ा है, सीजेपी उसके साथ है।
उन्होंने कहा कि उन्हें राहुल गांधी का बयान सही लगता है। दिपके ने दिल्ली पुलिस का जिक्र करते हुए कहा कि वह अमित शाह के अधीन है और छात्रों पर पेलेट गन बिना जानकारी के नहीं चलाई गई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बच्चों पर भी सख्ती कर रही है।
उन्होंने बिहार सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिस गन का इस्तेमाल आतंकियों से मुकाबले के लिए किया जाता था, उसका इस्तेमाल छात्रों पर किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पेलेट गन के इस्तेमाल से छात्रों की आंखों की रोशनी चली गई और वे अस्पताल में भर्ती हैं।
दिपके ने कहा कि अगर अमित शाह की जानकारी के बिना पेलेट गन चलाई गई तो फिर वह किस बात के गृहमंत्री हैं। उन्होंने इस मामले में इस्तीफे की मांग भी की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.