गोंडा में बिजली तार टूटने से पत्रकार की मौत, लोगों में आक्रोश

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में शुक्रवार सुबह लगभग 8:30 बजे दर्दनाक हादसा हो गया, जब बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया और उसकी चपेट में आने से एक पत्रकार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के पथवलिया गांव की है, जहां रहने वाले रंजीत तिवारी एक दैनिक समाचार पत्र में संवाददाता के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि सुबह वह पड़ोस के घर में पेड़ की डालों से सटे हुए बिजली के तारों को लेकर लोगों को सतर्क करने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक हाई-वोल्टेज लाइन का तार टूटकर उन पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराई।
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने प्रशासन से 50 लाख रुपये मुआवजे और मृतक के परिजन को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई।
सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, एसपी विनीत जायसवाल और अन्य अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि घटना की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.