हरिद्वार से 90 वर्षीय सास को कांवड़ में बैठाकर दिल्ली ला रहीं काजल चौधरी, 71 किलो गंगाजल भी साथ

HIGHLIGHTS
- काजल चौधरी 90 वर्षीय सास को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार से दिल्ली की यात्रा कर रही हैं।
- मुजफ्फरनगर में उनकी अनोखी कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र, लोगों ने सराहा।
- काजल ने बुजुर्गों की सेवा और संस्कारों का संदेश दिया।
मुजफ्फरनगर में सावन माह की कांवड़ यात्रा के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला। दिल्ली के शाहदरा निवासी प्रसिद्ध हरियाणवी रागिनी कलाकार काजल चौधरी अपनी 90 वर्षीय सास को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार से दिल्ली तक की यात्रा कर रही हैं। इस अनोखी सेवा भावना को देखकर लोग उन्हें आधुनिक दौर की श्रवण कुमार कहकर सम्मान दे रहे हैं।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे जब काजल चौधरी की कांवड़ मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंची तो इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। कंधों पर कांवड़ और उसमें बैठी बुजुर्ग सास का दृश्य श्रद्धालुओं के बीच आस्था के साथ-साथ परिवार और संस्कारों का संदेश भी दे रहा था।
काजल चौधरी ने बताया कि यह उनकी दूसरी कांवड़ यात्रा है। इससे पहले वर्ष 2025 में भी वह अपनी सास को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार से दिल्ली तक की यात्रा कर चुकी हैं। इसी साल उन्होंने अपनी सास को कंधों पर बैठाकर 84 कोस की परिक्रमा भी पूरी की थी। गायिका काजल चौधरी देहाती रागिनी और भजनों के जरिए लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं।
इस यात्रा में उनका बेटा मनीष चौधरी भी साथ चल रहा है। मां और बेटा बारी-बारी से कांवड़ को कंधे पर उठाते हैं और आराम करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। मनीष ने बताया कि उनकी दादी की उम्र करीब 90 वर्ष है और वह उनके सम्मान व सेवा भाव से यह यात्रा कर रहे हैं।
मनीष ने युवाओं से अपील की कि वे मोबाइल और सोशल मीडिया की दुनिया से बाहर निकलकर अपने माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा करें, क्योंकि यही भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की सबसे बड़ी सीख है। वहीं काजल चौधरी का कहना है कि माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। उन्होंने कहा कि आज छोटी-छोटी बातों पर परिवार टूट रहे हैं, जबकि प्रेम, सम्मान और संस्कार ही परिवार को जोड़े रखते हैं।
काजल चौधरी ने महिलाओं से भी अपील की कि वे मोबाइल और टीवी धारावाहिकों में समय बिताने के बजाय अपने परिवार और बुजुर्गों के साथ समय बिताएं और नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार दें।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उनके अनुसार पूरे यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.