सूडान में ड्रोन हमले से मचा हड़कंप, बाजार में 112 लोगों की मौत

HIGHLIGHTS
- सूडान के दक्षिण दारफुर में बाजार को बनाया गया निशाना।
- इमरजेंसी लॉयर्स के मुताबिक, 100 से ज्यादा लोगों की मौत।
- MSF अस्पताल में 36 शव पहुंचे, 150 घायलों का इलाज हुआ।
खार्तूम। सूडान में गृह युद्ध के बीच हिंसा लगातार बढ़ रही है। सोमवार शाम दक्षिण दारफुर के न्याला शहर में एक भीड़भाड़ वाले बाजार को ड्रोन से निशाना बनाया गया। इस हमले में 112 लोगों की जान चली गई।
द एसोसिएटेड प्रेस और रेडियो तमाजुज की रिपोर्ट के अनुसार, सूडान में हिंसा पर नजर रखने वाले मानवाधिकार संगठन 'इमरजेंसी लॉयर्स' ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि हमला न्याला के डुमाया इलाके में स्थित 'तनकोंग बाजार' में हुआ।
न्याला शहर पर अर्धसैनिक संगठन 'रैपिड सपोर्ट फोर्सेज' (RSF) का नियंत्रण है। संगठन ने इस हमले के लिए सूडानी सेना को जिम्मेदार ठहराते हुए घटना की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
सूडानी सेना के ड्रोन हमले में 100 से अधिक लोगों की मौत
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, 'डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स' (MSF) ने जानकारी दी कि न्याला स्थित उसके अस्पताल में 36 लोगों के शव लाए गए। इसके अलावा, अस्पताल के इमरजेंसी रूम में 150 घायलों का इलाज किया गया।
दारफुर विक्टिम्स ऑर्गनाइजेशन के कार्यकारी निदेशक एडम मूसा ओबामा ने रेडियो तमाजुज को बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेना से जुड़े ड्रोन ने उस समय बाजार पर हमला किया, जब वहां नागरिक खरीदारी करने और नाश्ता करने में व्यस्त थे।
एडम मूसा ओबामा के अनुसार, उनके संगठन ने 14 नागरिकों की मौत का दस्तावेजीकरण किया है, जिनमें 12 महिलाएं और 6 बच्चे शामिल हैं। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमले में कुल 120 लोग मारे गए या घायल हुए हैं।
एपी की रिपोर्ट में इमरजेंसी लॉयर्स के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि हमले में 100 से अधिक लोगों की मौत हुई, जबकि 113 लोग घायल हुए। दूसरी ओर, MSF ने अपने अस्पताल में 36 शव पहुंचने और 150 घायलों का इलाज किए जाने की जानकारी दी है।
सूडान में ड्रोन हमलों से नागरिकों पर बढ़ा खतरा
सूडान में जारी संघर्ष के दौरान ड्रोन हमले आम नागरिकों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। सूडानी सशस्त्र बल (SAF) और अर्धसैनिक संगठन RSF, दोनों ही विस्फोटकों से लैस ड्रोनों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
पिछले सप्ताह भी सूडानी सेना ने विवादित अब्येई क्षेत्र के एक बाजार पर ड्रोन हमला किया था। उस हमले में 150 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.