मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब का कहर! 6 लोगो की मौत, पांच की हालत गंभीर

HIGHLIGHTS
- सभी को इलाज के लिए बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
- उपचार के दौरान छह लोगों की जान चली गई।
- मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम बंडा अस्पताल में कराया जा रहा है।
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, पांच लोगों की हालत गंभीर होने के बाद उन्हें सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया है।
घटना के पीछे जहरीली शराब पीने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब दर्जनभर लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान छह लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम बंडा अस्पताल में कराया जा रहा है। वहीं, गंभीर हालत में पांच मरीजों को इलाज के लिए बीएमसी सागर भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बंडा पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल जाकर हालात का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कराई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बंडा में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
इनकी हुई मौत
पुलिस के अनुसार, मृतकों में गोलू उर्फ चमन लोधी (45), निवासी गूगरा खुर्द, दिग्विजय लोधी (28), निवासी नौराज, करतार सिंह लोधी (30), निवासी नौराज, उजियार सिंह लोधी (56), निवासी गूगरा खुर्द, रोशन लोधी (30), निवासी पाटन थाना विनायका और राजेंद्र लोधी (32), निवासी नौराज-गूगरा शामिल हैं। जानकारी के अनुसार गोलू उर्फ चमन को पहले से कैंसर की शिकायत थी।
पांच मरीज बीएमसी रेफर
गंभीर हालत वाले मरीजों में हरनाम राय (42), निवासी चौका, उत्तम नत्थू नायक (42), निवासी दलपतपुर, मंगल रजक (40), निवासी गूगरा खुर्द, परम आदिवासी, निवासी हिनौता और धनसिंह आदिवासी (30), निवासी हिनौता शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए बीएमसी सागर रेफर किया गया है।
प्रशासन और पुलिस की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जहरीली शराब की आशंका को लेकर भी जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.