सिक्किम के मंगन में बड़ा भूस्खलन, तीस्ता नदी का प्रवाह प्रभावित; अलर्ट जारी

HIGHLIGHTS
- घटना नागा वन क्षेत्र में सड़क कटिंग के ऊपर हुई।
- पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गया।
- कुछ समय के लिए तीस्ता नदी का बहाव प्रभावित रहा।
गंगटोक। उत्तर सिक्किम के मंगन जिले में शनिवार देर रात से रविवार सुबह के बीच हुए बड़े भूस्खलन से तीस्ता और च्याकोङ नदियों का प्रवाह प्रभावित हुआ है।
यह भूस्खलन नागा वन क्षेत्र में नए नागा-तोंसा मार्ग की सड़क कटिंग के ऊपर, थेंग सुरंग के सामने च्याकोङ नदी के ऊपरी हिस्से में हुआ। यह इलाका ओसी भीर के सामने तीस्ता और च्याकोङ नदियों के संगम के पास स्थित है।
भूस्खलन के चलते पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गया, जिससे दोनों नदियों के बहाव में आंशिक रुकावट आई। कुछ समय के लिए तीस्ता नदी का प्रवाह भी प्रभावित हुआ।
हालांकि, फिलहाल तीस्ता नदी का पानी सामान्य रूप से बह रहा है। भूस्खलन के बाद तीस्ता और च्याकोङ दोनों नदियों में पानी जमा हुआ है, लेकिन दोनों नदियों का प्रवाह पूरी तरह बाधित नहीं हुआ है।
अब तक किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। भूस्खलन के कारण संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से घटनास्थल की स्थिति और संभावित नुकसान का विस्तृत जायजा लिया जा रहा है।
पुलिस की लगातार निगरानी जारी
चुंगथांग पुलिस और थेंग चेकपोस्ट की टीमें घटनास्थल पर लगातार निगरानी रख रही हैं। सांकालांग ओपी और फिदांग ओपी में भी फिलहाल नदी का जलस्तर सामान्य बताया गया है, हालांकि पानी मटमैला है। दोनों स्थानों पर पुलिस और संबंधित कर्मियों को जलस्तर में किसी भी असामान्य बदलाव की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
निचले इलाकों में एहतियात के तौर पर संवेदनशील क्षेत्रों को सतर्क करने के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष को भी निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन की टीमें भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के साथ-साथ तीस्ता नदी के पूरे प्रभावित हिस्से पर लगातार नजर रख रही हैं।
प्रशासन के अनुसार, मौके की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद स्थिति और नुकसान से जुड़ी अधिक जानकारी सामने आएगी। मंगन क्षेत्र में मानसून के दौरान भूस्खलन और सड़क क्षति की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.