दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में मानसून का असर, बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित

HIGHLIGHTS
- दिल्ली में बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ।
- गुरुग्राम में भारी बारिश के चलते निजी कंपनियों से वर्क फ्रॉम होम की अपील की गई।
- उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 250 से ज्यादा सड़कें बंद होने की जानकारी सामने आई।
दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही मानसूनी बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हो गया है। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। गुरुवार सुबह से दोपहर तक हुई बारिश के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली में गुरुवार को 56 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके चलते पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। इससे उमस और गर्मी से राहत मिली। वहीं, गुरुग्राम में 117 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन से बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। उत्तराखंड में 132 और हिमाचल प्रदेश में 120 सहित 250 से अधिक सड़कें बंद हैं। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में भारी बारिश से सेब के बागों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। मौसम विभाग ने 9 से 12 अगस्त के बीच क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
गुरुग्राम पुलिस ने कंपनियों से की वर्क फ्रॉम होम की अपील
दिल्ली और गुरुग्राम में गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे, धौलाकुआं, कालिंदी कुंज, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, ग्रीन पार्क, एम्स और कई अन्य प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया। इसके चलते घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। हालात को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने निजी कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की अपील की है।
असम में बाढ़ से अब तक 95 लोगों की मौत
असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। छह और लोगों की मौत के बाद इस मानसून सीजन में मृतकों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है। राज्य में 1.6 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं।
15 राज्यों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों और मछुआरों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह भी दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.