मुजफ्फरनगर: 14 कंट्रोल रूम से होगी कांवड़ यात्रा की निगरानी, DM-SSP ने पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश

HIGHLIGHTS
- कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए मुजफ्फरनगर को 9 सुपर जोन और 89 सेक्टर में बांटा गया।
- जिले में निगरानी के लिए 14 कंट्रोल रूम और 3 सब-कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।
- ATS, डॉग स्क्वॉड, BDS, PAC सहित कई सुरक्षा टीमों की तैनाती की गई है।
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा के मद्देनजर जिले को 9 सुपर जोन और 89 सेक्टर में विभाजित किया गया है। निगरानी के लिए 14 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।
सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तय कर दी गई है। मंगलवार शाम 5 बजे रिजर्व पुलिस लाइन में डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद सभी पुलिसकर्मियों को उनके निर्धारित ड्यूटी प्वाइंटों के लिए रवाना किया गया।
ब्रीफिंग के दौरान डीएम और एसएसपी ने कहा कि मुजफ्फरनगर कांवड़ यात्रा का प्रमुख पड़ाव है। इसलिए सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को शिवभक्तों के साथ शालीन व्यवहार करने, जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
जाम रोकने और गश्त बढ़ाने के निर्देश
पुलिस बल को कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, अनावश्यक जाम की स्थिति से बचने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा वायरलेस और अन्य संचार माध्यमों के जरिए लगातार संपर्क बनाए रखने तथा किसी भी सूचना पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
9 सुपर जोन, 16 जोन और 141 सब-सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था
इस वर्ष कांवड़ यात्रा के लिए पूरे जिले को 9 सुपर जोन, 16 जोन, 89 सेक्टर और 141 सब-सेक्टर में बांटा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ATS, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (BDS), एस-चेक टीम, फ्लड PAC और PAC की तैनाती की गई है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए 14 कंट्रोल रूम और 3 सब-कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। वहीं शिव चौक, रामपुर तिराहा और शुक्रताल में तीन अस्थायी थाने बनाए गए हैं। पूरे कांवड़ मार्ग पर 19 अस्थायी पुलिस चौकियां भी स्थापित की गई हैं।
कार्यक्रम में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे, एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.