मुजफ्फरनगर: रेलवे निर्माण से क्षतिग्रस्त पार्क का मामला, राज्य मंत्री ने डीआरएम को लिखा पत्र

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर की नई मंडी में रेलवे लाइन किनारे बने पार्क को नुकसान पहुंचाने का मामला शासन तक पहुंचा।
- राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रेलवे डीआरएम को पत्र लिखकर पार्क और सार्वजनिक सुविधाओं के पुनर्निर्माण की मांग की।
- स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे कार्य के दौरान बिना सूचना के पार्क की संरचनाओं को क्षति पहुंचाई गई।
मुजफ्फरनगर: नई मंडी क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे बने पार्क और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने का मामला अब शासन तक पहुंच गया है। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए उत्तर रेलवे के मंडलीय रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र लिखकर क्षतिग्रस्त पार्क और सुविधाओं के पुनर्निर्माण की मांग की है।

पूर्व सभासद विपुल भटनागर ने बताया कि वर्ष 2022 में उनके कार्यकाल के दौरान राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के प्रयासों से आवास विकास परिषद ने रेलवे लाइन के किनारे बने खुले नाले को ह्यूम पाइप डालकर बंद कराया था।
इसके बाद नगर पालिका परिषद और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस स्थान को विकसित कर सुंदर पार्क, पैदल मार्ग, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं तैयार की गई थीं। धीरे-धीरे यह क्षेत्रवासियों के लिए एक उपयोगी और आकर्षण का केंद्र बन गया था।

भटनागर का आरोप है कि हाल ही में रेलवे विभाग की ओर से बाउंड्री वॉल निर्माण और विस्तार कार्य के दौरान बिना पूर्व सूचना और आपसी समन्वय के पार्क समेत वहां मौजूद सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाया गया। इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने डीआरएम को भेजे पत्र में कहा है कि नगर पालिका और जनता के सहयोग से विकसित किए गए इस सार्वजनिक स्थल को हुए नुकसान की भरपाई की जाए। उन्होंने पार्क और अन्य संरचनाओं का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग रखी है, ताकि लोगों को पहले जैसी सुविधाएं मिल सकें।

वहीं, विपुल भटनागर ने मंत्री के हस्तक्षेप के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह पार्क सिर्फ सौंदर्यीकरण का काम नहीं था, बल्कि स्थानीय लोगों की भागीदारी और क्षेत्र की पहचान से जुड़ा हुआ स्थल था। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन इस मामले में जल्द सकारात्मक कदम उठाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.