मुजफ्फरनगर में निषाद पार्टी का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन, संजय निषाद ने दिया एकजुटता का संदेश

HIGHLIGHTS
- नई मंडी इलाके में मंडलीय स्तर का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ।
- कार्यक्रम में संजय निषाद मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए।
- कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से संजय निषाद का स्वागत किया।
मुजफ्फरनगर में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे मुजफ्फरनगर की नई मंडी इलाके में निषाद पार्टी की ओर से मंडलीय स्तर का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय निषाद ने निषाद समाज से राजनीतिक रूप से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह दलित और यादव समाज झंडे और डंडे के साथ संगठित होकर आगे बढ़ते हैं, उसी तरह निषाद समाज को भी अपने झंडे और डंडे के साथ एकजुट होकर अपनी राजनीतिक ताकत मजबूत करनी चाहिए।
संजय निषाद ने पिछली सरकारों पर मछुआ समुदाय के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले मछुआ समाज को उसके अधिकार और सम्मान नहीं मिल पा रहे थे, जबकि भाजपा सरकार ने मछुआ समुदाय के अधिकारों को सम्मान देने का काम किया है।
सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने और उनके समाधान की दिशा में काम करने की बात कही गई। इसके साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति और तैयारियों की समीक्षा भी की गई।
संजय निषाद ने पूर्वांचल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां निषाद पार्टी के कई विधायक बने और समाज को राजनीतिक सम्मान दिलाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी निषाद पार्टी अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए काम करेगी। इसके तहत कश्यप समाज सहित अन्य पिछड़े वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सम्मान दिलाने की बात कही गई।
कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं को दलालों से सावधान रहने और किसी के बहकावे में नहीं आने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ निषाद समाज को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ानी होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.