पाकिस्तान की न्यूज एंकर राबिया अहसान की गोली मारकर हत्या, पति हिरासत में

HIGHLIGHTS
- पाकिस्तान की न्यूज एंकर राबिया अहसान की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई।
- 41 वर्षीय राबिया रावलपिंडी स्थित अपने घर के बेडरूम में मृत मिलीं।
- पुलिस ने उनके पति अहसान ताहिर को हिरासत में लिया है।
पाकिस्तान की न्यूज एंकर राबिया अहसान की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में उनके पति अहसान ताहिर का नाम सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया है।
राबिया अहसान रावलपिंडी स्थित अपने घर में मृत पाई गईं। घटना के बाद पुलिस ने उनके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक संदिग्ध हथियार भी जब्त किया है।
सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के साथ एफआईआर की प्रति भी सामने आई है। एफआईआर के मुताबिक, 41 वर्षीय राबिया अहसान की रविवार दोपहर करीब 3 बजे उनके बेडरूम में गोली मारकर हत्या की गई। घटना के समय उनकी मां और बहन घर के लॉन में मौजूद थीं। दोनों राबिया के साथ ही रहती थीं।
गोली चलने की आवाज सुनते ही घर के लोग चौंक गए। इसके बाद राबिया की बहन अलविना दौड़कर बेडरूम में पहुंचीं। वहां उन्होंने राबिया को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा। वहीं, उनके पति पास में ही पिस्तौल लेकर खड़े थे। पुलिस की पूछताछ के दौरान अहसान इस हथियार का लाइसेंस भी पेश नहीं कर सके।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। राबिया के शव पर गर्दन के नीचे और पीठ के दाईं ओर गोली लगने के निशान मिले। पंजाब फोरेंसिक साइंस अथॉरिटी (PFSA) ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई .30-बोर पिस्तौल और कारतूस बरामद किए।
वहीं, 'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, अहसान के घर में काम करने वाले एक पुरुष कर्मचारी से मिली जानकारी के मुताबिक, पति ने पुलिस को बताया कि गोली गलती से चल गई थी। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
इस घटना पर पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी असीफा भुट्टो-जरदारी ने दुख जताया और हिंसा की निंदा की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.