फुकेत-दिल्ली उड़ान के कैप्टन का डोप टेस्ट पॉजिटिव? एयर इंडिया ने कही ये बात

HIGHLIGHTS
- 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही थी फ्लाइट
- एयरबस A320 करीब 300 फीट नीचे आया था
- हादसे में 13 यात्री और चार क्रू सदस्य घायल हुए
थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही फ्लाइट के कैप्टन का साइकोएक्टिव सब्सटेंस के लिए किए गए डोप टेस्ट में सैंपल पॉजिटिव आने का दावा किया गया है। हालांकि, एयर इंडिया ने कैप्टन के सैंपल के पॉजिटिव होने के दावे की पुष्टि नहीं की है।
दरअसल, 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट आसमान में तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई थी। लैंडिंग से कुछ समय पहले टर्बुलेंस के कारण एयरबस ए320 विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया था। जोरदार झटकों के चलते 13 यात्री और चार क्रू मेंबर घायल हो गए थे।
कैप्टन के डोप टेस्ट पर एयर इंडिया ने क्या कहा?
घटना को लेकर एयर इंडिया की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया है। एयर इंडिया ने कहा कि उसे जानकारी है कि पायलटों पर लागू प्रोटोकॉल के तहत पोस्ट-फ्लाइट स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया था। हालांकि, टेस्ट के नतीजे एयर इंडिया के साथ साझा नहीं किए गए हैं। ऐसे में एयरलाइन किसी भी नतीजे पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं है।
एयर इंडिया ने कहा कि सिविल एविएशन नियमों के तहत वह क्रू मेंबर्स का नियमित ड्रग टेस्ट करती है, चाहे वह किसी विशेष उड़ान या ऑपरेशनल घटना से संबंधित हो या नहीं। जरूरत पड़ने पर एयरलाइन संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग करती रहेगी।
टर्बुलेंस के दौरान मची चीख-पुकार
टर्बुलेंस के दौरान कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर केबिन की छत और आसपास के हिस्सों से टकरा गए। इससे विमान के अंदर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, पायलटों ने विमान को संभाल लिया और सुबह करीब 11 बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
जानकारी के मुताबिक, उड़ान संख्या एआई2379 ने सुबह 8:41 बजे 134 यात्रियों के साथ फुकेट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। करीब डेढ़ घंटे बाद दिल्ली पहुंचने से पहले क्रूज चरण के दौरान विमान अचानक तेज झटकों की चपेट में आ गया और असंतुलित हो गया।
यात्रियों के अनुसार, विमान करीब दो से तीन मिनट तक हवा में बुरी तरह डगमगाता रहा। झटके इतने तेज थे कि केबिन की सीलिंग को भी नुकसान पहुंचा।
कई यात्रियों को लगी गंभीर चोटें
इटली से आई एक यात्री ने बताया था कि उसकी बहन सीट से उछलकर ऊपर जा टकराई, जबकि उसकी मां के सिर में गंभीर चोट आई। एक अन्य यात्री के अनुसार, उसके भाई के कान का पर्दा फट गया। कुछ यात्रियों की गर्दन, सिर और पीठ में भी चोटें आईं। सीट बेल्ट नहीं बांधकर बैठे कुछ यात्री छत से टकराने के बाद गलियारे में जा गिरे।
एयरपोर्ट से तीन यात्रियों और चार क्रू सदस्यों को वसंतकुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल, दो यात्रियों को स्पाइनल इंजरी सेंटर और छह को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ यात्रियों को एयरपोर्ट पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि पांच लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.