झारखंड विधानसभा घेराव पर पुलिस की कार्रवाई, 100 नामजद और 500 अज्ञात पर FIR दर्ज

HIGHLIGHTS
- रांची पुलिस ने करीब 100 लोगों को नामजद किया है
- 500 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज हुई
- पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज से अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है
रांची। झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प के मामले में रांची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल करीब 100 लोगों को नामजद करते हुए 500 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने देशव्यापी प्रदर्शन का एलान किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि अगर सरकार एक सप्ताह के भीतर परीक्षा में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की सिफारिश नहीं करती है, तो वह आमरण अनशन पर बैठेंगे। भाजपा नेता रघुवर दास ने आरोप लगाया कि झारखंड की जेएमएम नीत सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर घोटाले हुए हैं।
विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। इस दौरान दोनों पक्षों में झड़प भी हुई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज समेत अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्राथमिकी में सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और उपद्रव समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। नामजद आरोपियों के अलावा बड़ी संख्या में अज्ञात लोगों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर उपलब्ध तस्वीरों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। मामले में आगे और लोगों के नाम जोड़े जा सकते हैं।
वहीं, छात्र संगठनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे थे। छात्रों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कार्रवाई की गई।
एबीवीपी ने देशभर में प्रदर्शन का किया एलान
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने झारखंड के छात्रों के मुद्दे को लेकर देशव्यापी प्रदर्शन करने का एलान किया है। एबीवीपी के संगठन महामंत्री ने कहा कि देशभर के 1,200 से अधिक विश्वविद्यालयों और प्रत्येक जिले में प्रदर्शन किए जाएंगे।
एबीवीपी ने झारखंड सरकार से भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की केंद्रीय जांच ब्यूरो से जांच कराने की मांग की है। संगठन के महासचिव ने रांची में कहा कि अगर सरकार सीबीआई जांच का आदेश नहीं देती है तो इससे यह संकेत जाएगा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भूमिका भी इन कथित अनियमितताओं में हो सकती है।
एबीवीपी नेता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन तानाशाही रवैया अपना रहे हैं और लोकतांत्रिक आवाजों को अलोकतांत्रिक तरीके से दबाने पर आमादा हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.