यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर तैयारी तेज, तीन से चार चरणों में हो सकता है मतदान

HIGHLIGHTS
- चुनाव आयोग ने पांचों राज्यों में चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
- यूपी के अलावा पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में एक चरण में मतदान की तैयारी है।
- मणिपुर में दो चरणों में चुनाव कराए जाने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड समेत पांच राज्यों में अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। इसी के साथ चुनाव आयोग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मिले संकेतों के अनुसार, इस बार उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव तीन से चार चरणों में कराए जा सकते हैं।
इससे पहले 2022, 2017 और 2012 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में हुए थे। वहीं उत्तर प्रदेश के अलावा जिन चार राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उनमें मणिपुर को छोड़कर पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में चुनाव एक-एक चरण में कराने की तैयारी है। इन राज्यों में पिछला चुनाव भी एक-एक चरण में हुआ था। वहीं मणिपुर में 2022 और 2017 की तरह दो चरणों में चुनाव कराया जा सकता है।
चुनाव आयोग बिहार और बंगाल में परख चुका है क्षमता
हाल ही में बिहार और बंगाल जैसे राज्यों में विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराने के बाद चुनाव आयोग का हौसला बढ़ा है। बिहार में 2015 में पांच चरणों और 2020 में तीन चरणों में चुनाव हुए थे, जबकि आयोग ने 2025 में चुनाव दो चरणों में कराया।
इसी तरह पश्चिम बंगाल में 2016 में छह चरणों और 2021 में आठ चरणों में चुनाव हुए थे, जबकि 2026 में आयोग ने वहां दो चरणों में चुनाव कराया है। सूत्रों के अनुसार, इसी तर्ज पर सात चरणों में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को भी तीन से चार चरणों में कराने पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में जल्द ही राज्यों के साथ विचार-विमर्श की तैयारी है।
चुनाव के दौरान फेंक नेरेटिव का चलन जिस तरह बढ़ा है, उसे देखते हुए चुनाव आयोग भी चुनाव की अवधि कम रखने के पक्ष में रहता है। बिहार और बंगाल के चुनाव में आयोग ने अपनी इस क्षमता को भी परखा है।
चुनाव आयोग की टीमें शुरू करेंगी राज्यों का दौरा
चुनावी तैयारियों के तहत आयोग की टीमें सितंबर के अंतिम सप्ताह से चुनावी राज्यों का दौरा भी शुरू करेंगी। सूत्रों के मुताबिक, इसके लिए टीमों के गठन का काम शुरू हो गया है। इस दौरान आयोग की टीमें सबसे पहले उन राज्यों का दौरा करेंगी, जहां एसआईआर का काम पूरा हो चुका है। इनमें उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर शामिल हैं।
वहीं पंजाब और उत्तराखंड में एसआईआर के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन अक्टूबर में होगा।
किस राज्य की विधानसभा का कार्यकाल कब तक है?
| राज्य | तिथि |
|---|---|
| मणिपुर | 13 मार्च 2027 |
| गोवा | 14 मार्च 2027 |
| पंजाब | 16 मार्च 2027 |
| उत्तराखंड | 28 मार्च 2027 |
| उत्तर प्रदेश | 22 मई 2027 |
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.