मुजफ्फरनगर में विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप; 4 हिरासत में

HIGHLIGHTS
- सिताबपुरी गांव में विवाद के बाद कई राउंड फायरिंग हुई।
- फायरिंग करते युवकों का वीडियो सामने आया।
- पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया।
मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र स्थित सिताबपुरी गांव में रविवार शाम करीब छह बजे दो पक्षों के बीच विवाद के बाद कई राउंड फायरिंग से दहशत का माहौल बन गया। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने-अपने घरों में चले गए।
घटना के दौरान युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो भी सामने आया है। यह वीडियो सोमवार को सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच और तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गांव में युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआत में मामला मामूली बताया जा रहा था, लेकिन कुछ ही समय में विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से सड़क पर कई राउंड फायरिंग की गई। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और लोग अपने घरों के अंदर चले गए।
घटना के दौरान कुछ युवक खुलेआम हथियारों से गोली चलाते हुए दिखाई दिए। किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में कुछ युवक फायरिंग करने के बाद मौके से भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस विवाद की वजह में पुरानी रंजिश समेत अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
फायरिंग के बाद मौके से भाग रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में कुल चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी में कौन-कौन शामिल था और कितने हथियारों का इस्तेमाल किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं।
पुलिस ने वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है। वीडियो के आधार पर फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.