पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी रोडवेज बस, चालक समेत 27 यात्री घायल

HIGHLIGHTS
- सुबेहा थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 56.7 के पास हुई टक्कर
- आजमगढ़ से लखनऊ जा रही थी रोडवेज बस
- बस में करीब 50 यात्री सवार थे
बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात एक रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया। हादसे में बस चालक समेत 27 यात्री घायल हो गए। पुलिस और यूपीडा की टीम ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया। इनमें से छह गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज, तिलोई रेफर किया गया। 16 घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जबकि 11 यात्रियों को मामूली चोट होने के कारण दवा देकर घर भेज दिया गया।
हादसा रात करीब 1:30 बजे बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 56.7 के पास हुआ। आजमगढ़ से लखनऊ जा रही रोडवेज बस में करीब 50 यात्री सवार थे। बस जैसे ही आगे चल रहे ट्रक से टकराई, ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडा के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
ये लोग हुए घायल
घायलों में बस चालक संजय सिंह (56) निवासी रामपुर, आजमगढ़, जगदंबा गुप्ता (35), उनकी पत्नी विनीता गुप्ता (32), जयप्रकाश (35) निवासी शिवपुर, बृजेश राय (49), काशीनाथ यादव (35), सीमा अस्थाना (42) निवासी हरदोई, किशन कुमार (29) निवासी चुल्लूपार, गोरखपुर, श्वेता पांडे (46) निवासी अलीगंज, लखनऊ और कार्तिक राजभर (25) समेत अन्य यात्री शामिल हैं। संजय सिंह, जयप्रकाश, बृजेश राय, सीमा अस्थाना, श्वेता पांडे और कार्तिक राजभर को तिलोई रेफर किया गया।
झपकी आने से हादसा होने का आरोप
यात्री दिलशाद ने बताया कि हादसे के समय वह जाग रहे थे। उनके अनुसार, चालक को झपकी आने के कारण बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे के वक्त कई यात्री सो रहे थे।
घायल आफरीन बानो की रविवार सुबह 9:15 बजे लखनऊ से सऊदी अरब की उड़ान थी। वह पहली बार अपने पति मोहम्मद हुसैन के पास जा रही थीं। सिर में हल्की चोट लगने के बाद वह बार-बार पूछ रही थीं कि वह अपने पति के पास पहुंच पाएंगी या नहीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.