हापुड़ में सनसनीखेज वारदात, रात में घर में घुसकर दो बहनों पर फेंका तेजाब

HIGHLIGHTS
- आरोपी पर रात करीब सवा दो बजे घर में घुसने का आरोप
- बड़ी बेटी का रिश्ता हापुड़ निवासी हर्ष से तय हुआ था
- नशे की जानकारी मिलने के बाद रिश्ता तोड़ दिया गया था
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक गांव में दो बहनों पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में दोनों बहनों को मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति ने हापुड़ निवासी युवक पर घर में घुसकर अपनी दो बेटियों पर तेजाब डालने का आरोप लगाया है। दोनों युवतियों को गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने अपनी बड़ी बेटी का रिश्ता हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी निवासी हर्ष के साथ तय किया था। रिश्ता तय होने के बाद उन्हें जानकारी हुई कि हर्ष नशा करता है। इसके बाद रिश्ता तोड़ दिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी लगातार उनकी बेटी से शादी करने का दबाव बना रहा था। स्पष्ट रूप से इनकार किए जाने के बाद वह नाराज हो गया।
रात सवा दो बजे दीवार फांदकर घर में घुसा
आरोप है कि युवक शनिवार रात करीब सवा दो बजे बोतल में तेजाब लेकर दीवार फांदकर घर में घुसा। आहट होने पर उनकी बेटी की आंख खुल गई। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, युवक ने उस पर तेजाब डाल दिया। बड़ी बहन को बचाने की कोशिश के दौरान छोटी बेटी पर भी तेजाब फेंक दिया गया। दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं।
भाग रहे आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
शोर सुनकर ग्रामीण जाग गए और भागने की कोशिश कर रहे युवक को पकड़ लिया। 112 नंबर पर सूचना दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले आरोपी को कर दिया गया।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि तेजाब से झुलसी युवतियों का मेरठ के अस्पताल में इलाज चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.