घर से 3 लाख 60 हजार रुपये चोरी, FIR के बाद भी बरामदगी नहीं; पीड़ित दंपति ने SSP से लगाई गुहार

HIGHLIGHTS
- पीड़िता के घर फर्नीचर और AC का काम करने मजदूर आए थे
- चोरी की शिकायत पर 29 अगस्त को FIR दर्ज हुई
- मामला नई मंडी थाने में दर्ज कराया गया था
मुजफ्फरनगर में 3 लाख 60 हजार रुपये की चोरी का खुलासा नहीं होने पर पीड़ित दंपति ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। गुरुवार दोपहर रूपांश अपने पति अंकित कुमार के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचीं। उन्होंने एसएसपी संजय कुमार वर्मा को शिकायत पत्र सौंपकर चोरी हुए रुपये बरामद कराने और आरोपियों से गहन पूछताछ की मांग की।
रूपांश के मुताबिक, वे पहले तहसील सदर क्वार्टर नंबर-6 में रहती थीं। वर्तमान में अलमासपुर की बर्फखाने वाली गली में मोबाइल टावर के पास रह रही हैं। उनका आरोप है कि 20 अगस्त 2026 को उनके घर में फर्नीचर और एसी का काम करने के लिए कुछ मजदूर आए थे। इसी दौरान घर से 3 लाख 60 हजार रुपये चोरी हो गए।
पीड़िता ने बताया कि मामले में 29 अगस्त को नई मंडी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों को उसी दिन हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बाद चोरी हुए रुपये की बरामदगी को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
रूपांश का कहना है कि घटना के बाद से परिवार चोरी हुए रुपये की बरामदगी और मामले के खुलासे का इंतजार कर रहा है। उनके अनुसार, घटना को करीब 21 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक रकम बरामद नहीं हुई है। इससे परिवार परेशान है।
पीड़िता ने एसएसपी को दिए शिकायत पत्र में मांग की है कि एफआईआर में नामजद आरोपियों से गहन पूछताछ की जाए और चोरी हुए 3.60 लाख रुपये बरामद कराए जाएं। उन्होंने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने की भी मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.