रुपामऊं: ट्रैक पर फंसी साइकिल, इंटरसिटी एक्सप्रेस डिरेल होने से बची

रायबरेली। गुरुवार सुबह लगभग 8:30 बजे स्टेशन से प्रतापगढ़ रेलमार्ग पर रुपामऊं रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। रेलवे गेट संख्या 143 के पास, किलोमीटर संख्या 987/38 और 987/36 के बीच ट्रैक पर पड़ी एक साइकिल की वजह से लखनऊ से वाराणसी जा रही गाड़ी संख्या 14204 इंटरसिटी एक्सप्रेस संकट में पड़ गई।
सूत्रों के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति की साइकिल ट्रैक पर फंस गई थी और ट्रेन का इंजन उसे अपने पहियों में ले लिया। साइकिल के इंजन के पहिए में फंसने से क्रॉस पहिए में समस्या आ गई, जिससे ट्रेन डिरेल होने का खतरा बढ़ गया।
लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टला
लोको पायलट ने तुरंत स्थिति भांपते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन के रुकते ही यात्रियों में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
रेलवे और सुरक्षा टीमों ने तुरंत किया बचाव
सूचना मिलने पर रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग और सुरक्षा कर्मियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद इंजन में फंसी साइकिल को हटाया गया और तकनीकी जांच के बाद ट्रैक संचालन योग्य पाया गया। इसके बाद इंटरसिटी एक्सप्रेस को आगे रवाना किया गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा, लेकिन समय रहते इसे सामान्य कर लिया गया।
जांच और आरपीएफ की कार्रवाई
क्षेत्रीय रेलपथ निरीक्षक एचएल मीना ने बताया कि जांच की जा रही है कि साइकिल ट्रैक पर कैसे पहुंची। इस मामले की सूचना आरपीएफ को भी दी गई है। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एके सिंह ने कहा कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साइकिल को जब्त किया गया है और मोबाइल नंबरों तथा स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.