कानपुर में सपा पर बरसे योगी आदित्यनाथ, बोले- गरीबों को अपमानित करना पार्टी की नीति

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री ने विधायक अभिजीत सिंह सांगा की मां डॉ. निर्मल सिंह को श्रद्धांजलि दी।
- कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
- वाल्मीकि आश्रम से जुड़े स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर पहुंच गए हैं। वह हेलीकॉप्टर से बिठूर स्टेडियम पहुंचे, जहां पुरोहित कालीचरण दीक्षित और लवकुश आश्रम के गुरुकुल में पढ़ने वाले सात बटुकों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से वाल्मीकि आश्रम पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना की।
वाल्मीकि आश्रम से सीएम सूबेदारनगर स्थित बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक की मां डॉ. निर्मल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वह नानाराव पेशवा पार्क पहुंचे, जहां जल्द ही जनसभा को संबोधित करेंगे। नाना राव पेशवा स्मारक पार्क में काशी मुक्ति मंच के पास वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री बिठूर से 411.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 48 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। ये परियोजनाएं बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित हैं। कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
सीएम बोले- गरीबों को अपमानित करना सपा की नीति
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छोटे मियां और बड़े मियां मिलकर युवाओं, गरीबों और किसानों का अपमान करते हैं।
अखिलेश यादव पर सवाल उठाते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें बांग्लादेशी घुसपैठियों से इतना प्यार क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा घुसपैठियों के राशन कार्ड बनवाती है और गरीबों के हक छीनती है। सीएम ने कहा कि गरीबों को अपमानित करना सपा की नीति बन चुकी है।
महर्षि वाल्मीकि आश्रम में हुई थी रामायण की रचना
महाकाव्य रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की विरासत को संरक्षित करने के साथ उनसे जुड़े पौराणिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। मान्यता है कि इसी आश्रम में महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना की थी और माता सीता को आश्रय मिला था। इसी स्थान पर भगवान श्रीराम के पुत्र लव और कुश का जन्म भी हुआ था।
पर्यटन विभाग का जोर महर्षि वाल्मीकि से जुड़े धार्मिक स्थलों का कायाकल्प करने और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।
बिठूर में 1 घंटा 10 मिनट रुकेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिठूर में एक घंटा 10 मिनट बिताएंगे। वह नानाराव पार्क (बिठूर स्टेडियम) में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद बिठूर हेलीपैड से वापस रवाना हो जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.