मध्य प्रदेश में स्कूल बंद, यूपी की नदियां उफान पर; दिल्ली में 8 दिन में औसत से ज्यादा बारिश

HIGHLIGHTS
- IMD ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
- मध्य प्रदेश के डिंडौरी में भारी बारिश के चलते स्कूल बंद रखने का फैसला।
- यूपी की 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंचीं।
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में इस सप्ताह मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बारिश ने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस सप्ताह देश के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में उत्तराखंड से हिमाचल प्रदेश तक, मैदानी और मध्य भारत में पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा दक्षिण भारत के केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक में अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने के आसार हैं।
मध्य प्रदेश में स्कूलों की छुट्टी
मध्य प्रदेश के कई जिलों में रविवार को भी बारिश जारी रही। मंडला में लगातार बारिश के कारण नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है। इसके चलते नदी के आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
डिंडौरी में भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए सोमवार को नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मानसूनी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण आने वाले दिनों में बारिश का एक और तेज दौर शुरू होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में 10 से अधिक नदियां खतरे के करीब
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत प्रदेश की 10 से अधिक नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। सोमवार को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है।
ललितपुर और महोबा में मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बिहार के 20 जिलों में येलो अलर्ट
बिहार में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है और पिछले कई दिनों से अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 20 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन इलाकों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
अगले कुछ घंटों के लिए भी चेतावनी
मौसम में बदलाव को देखते हुए आईएमडी ने ताजा चेतावनी जारी की है। इसके अनुसार कुछ राज्यों में अगले कुछ घंटों के दौरान तूफान, बिजली चमकने, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश की संभावना है।
चेतावनी वाले प्रमुख क्षेत्र इस प्रकार हैं:
- मेघालय: दक्षिण गारो हिल्स और दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स में ऑरेंज अलर्ट।
- छत्तीसगढ़: बेमेतरा, बिलासपुर, कबीरधाम, महासमुंद और मुंगेली।
- मध्य प्रदेश: अनुपपुर, बालाघाट, छतरपुर, दमोह, डिंडोरी, गुना, जबलपुर, मंडला, रायसेन, सागर, सिवनी, शहडोल, उमरिया और विदिशा।
- उत्तराखंड: बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़।
मौसम विभाग की लोगों को सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचने, घर से निकलने से पहले रास्तों की स्थिति की जानकारी लेने और बेहद जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
दिल्ली में अगस्त की बारिश ने बनाया नया रिकॉर्ड
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस बार अगस्त के शुरुआती दिनों में ही सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है। दिल्ली ने महीने की औसत बारिश का आंकड़ा सिर्फ पहले आठ दिनों में ही पार कर लिया है। मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में शुरुआती आठ दिनों में 230.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
आठ दिनों में ही औसत आंकड़ा पार
मौसम विभाग के 1991 से 2020 के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में अगस्त महीने की सामान्य बारिश 226.8 मिलीमीटर है। इस बार यह आंकड़ा केवल आठ दिनों में ही पार हो गया।
शनिवार को समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में सफदरजंग में 98.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह पिछले दो वर्षों में अगस्त के किसी एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है। इससे पहले 1 अगस्त 2024 को एक दिन में 107.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.