पिता की तबीयत बिगड़ने पर टली स्मृति मंधाना की शादी, विवाह से जुड़ी पोस्ट हटाईं

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुछाल की शादी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। शादी के ठीक पहले स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के चलते स्मृति ने सोशल मीडिया से शादी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो हटा दिए।
शादी से एक दिन पहले शनिवार रात सांगली के समडोली रोड स्थित मंधाना फार्म हाउस में मेहंदी और संगीत समारोह का आयोजन किया गया था। रविवार दोपहर को होने वाली मुख्य शादी की रस्में शुरू होने से ठीक पहले स्मृति के पिता की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत सांगली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर्स ने उनकी हालत को स्थिर बताया।
शादी टलने और पिता की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी क्रिकेटर के मैनेजर ने रविवार को साझा की थी। इसके बाद सोमवार को यह भी खबर आई कि पलाश मुछाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें वायरल संक्रमण और एसिडिटी की शिकायत थी।
इस बीच परिवार और करीबी दोस्त दोनों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और शादी की नई तारीख फिलहाल घोषित नहीं की गई है।

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.