मुजफ्फरनगर में सपा सांसद हरेंद्र मलिक हाउस अरेस्ट: जंतर-मंतर जाने से पहले पुलिस तैनात

HIGHLIGHTS
- सपा सांसद हरेंद्र मलिक के आवास पर पुलिस तैनात की गई।
- नगर कोतवाली पुलिस की टीम अलग वाहन में सांसद के पीछे रवाना हुई।
- पूर्व सांसद कादिर राणा को भी पुलिस ने रास्ते में रोक लिया।
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक के आवास पर पुलिस तैनात कर दी गई है। बताया जा रहा है कि सांसद दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जाने वाले थे। इसी के मद्देनजर उनके घर पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई। इस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक हाउस अरेस्ट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
सांसद हरेंद्र मलिक ने बताया कि उन्हें कई कार्यक्रमों में शामिल होना है। इनमें बागपत में देश खाप के चौधरी की तेरहवीं का कार्यक्रम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने पहले से निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेना है।
सांसद के आवास पर पुलिस तैनाती से बढ़ी राजनीतिक हलचल
हरेंद्र मलिक के आवास पर पुलिस की तैनाती के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने की तैयारी के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सांसद हरेंद्र मलिक दिल्ली जाने और बागपत में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आवास से रवाना हुए।
वहीं, नगर कोतवाली पुलिसकर्मियों की एक टीम अलग वाहन में सांसद के पीछे उनके आवास से रवाना हो गई। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद कादिर राणा को भी पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। वह भी दिल्ली में आयोजित हो रहे जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुजफ्फरनगर से रवाना होने वाले थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.