धार में तेज रफ्तार ट्राले का कहर, बाइक सवार तीन लोगों की मौत; फोरलेन पर चक्काजाम

HIGHLIGHTS
- टक्कर के बाद ट्राला बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया।
- घायल 12 वर्षीय शिवानी को प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम रेफर किया गया।
- हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
भोपाल। बदनावर में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर बड़ी चौपाटी से कुछ दूरी पर पिटगारा तिराहे के पास शनिवार सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार ट्राला ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी 14 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
टक्कर के बाद ट्राला बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद बाइक ट्राले से अलग हो गई और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल
मृतकों की पहचान राहुल पिता निर्भय सिंह भाटी (35), उनकी पत्नी पूजा (30) और बेटी सुमन (14) के रूप में हुई है। हादसे में उनकी छोटी बेटी शिवानी (12) गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे तत्काल बदनावर के सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे रतलाम रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद लोगों ने किया चक्काजाम
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पिटगारा तिराहे पर पहुंच गए। तीन लोगों की मौत और बच्ची के गंभीर घायल होने की जानकारी के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने तिराहे पर चक्काजाम कर दिया।
मृतकों के परिजनों के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने पिटगारा तिराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग रखी।
सूचना पर एसडीएम प्रियंका मिमरोट, एसडीओपी अरविंदसिंह तोमर, टीआई अमितसिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर कायम रहे। सुबह करीब 10 बजे तक चक्काजाम जारी था।
फोरलेन पर सात किलोमीटर से ज्यादा लंबा जाम
चक्काजाम के कारण लेबड़-नयागांव फोरलेन पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सड़क के दोनों तरफ सात किलोमीटर से अधिक लंबी वाहनों की कतार लग गई। यात्री बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ा। पुलिस यातायात व्यवस्था सामान्य कराने में जुटी रही।
हादसे में तीनों मृतकों के शव कुचलने के कारण क्षत-विक्षत हो गए। दुर्घटना में बाइक क्रमांक एमपी 43 ईएफ 2220 भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, हादसे के बाद पुलिस ट्राला और उसके चालक की तलाश कर रही है।
लहसुन की बोवनी के लिए जा रहा था परिवार
बताया गया कि राहुल अपनी पत्नी पूजा और दोनों बेटियों के साथ बाइक से ग्राम धमाना में लहसुन की बोवनी के लिए जा रहा था। इसी दौरान पिटगारा तिराहे के पास पीछे से तेज गति से आए ट्राला ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के समय राहुल का नाबालिग पुत्र दिलखुश घर पर था, इसलिए वह परिवार के साथ नहीं गया था। अब परिवार में वही बचा है। हादसे की खबर गांव में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटनास्थल पर भी बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिटगारा तिराहा दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील है। यहां तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से तिराहे पर स्पीड ब्रेकर समेत जरूरी सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.