सुमित्रा महाजन का CM मोहन यादव पर तंज, बोलीं- मैं नौकरी मांगने आई थी

HIGHLIGHTS
- पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ने रेसीडेंसी कोठी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की।
- एमजी रोड स्थित पुराने मराठी स्कूल की जगह बने कला संकुल का भवन तैयार होने के बावजूद शुरू नहीं हो पाया है।
- स्मार्ट सिटी परियोजना के लिए बजट खत्म होने से निर्माण कार्य अधूरा रह गया है।
इंदौर। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने इंदौर दौरे पर आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से रेसीडेंसी कोठी में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी ही सरकार में कामकाज रुकने और उनके द्वारा शुरू कराए गए कुछ प्रोजेक्ट अधूरे रहने पर चिंता जताई। स्मार्ट सिटी के तहत काम की घोषणा के बावजूद फंड नहीं मिलने को लेकर भी उन्होंने अपनी पीड़ा जाहिर की।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद जब सुमित्रा महाजन बाहर आईं तो पत्रकारों ने उनसे बातचीत को लेकर सवाल किए। इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए तंज कसते हुए कहा, “मैं नौकरी मांगने आई थी।” उनके इस बयान के अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
कला संकुल और अहिल्या स्मारक का मुद्दा उठाया
मुलाकात के दौरान सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री के सामने कला संकुल का काम अधूरा रहने और अहिल्या स्मारक की परियोजना आगे नहीं बढ़ने पर असंतोष जताया। उन्होंने इन कार्यों को पूरा कराने की जरूरत पर जोर दिया।
दरअसल, एमजी रोड स्थित पुराने मराठी स्कूल को तोड़कर वहां कला संकुल बनाने का काम शुरू किया गया था। भवन तैयार होने के बावजूद संकुल अब तक शुरू नहीं हो पाया है। यह परियोजना स्मार्ट सिटी के तहत शुरू की गई थी।
स्मार्ट सिटी का फंड खत्म होने से काम अधूरा
सुमित्रा महाजन ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत काम चल रहा था, लेकिन पैसे खत्म हो जाने के बाद परियोजना अधूरी रह गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि स्मार्ट सिटी के लिए फंड उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकार इस काम को पूरा कर सके।
सूत्रों के मुताबिक, मुलाकात के दौरान महाजन को कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। इसके बाद पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि वह नौकरी मांगने आई थीं। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.