उज्जैन में पुलिस टीम पर लाठी-पत्थरों से हमला, एसआई समेत पांच पुलिसकर्मी घायल

HIGHLIGHTS
- कंचनबाई ने आठ दिन पहले पड़ोसी सरदार सिंह के खिलाफ मारपीट और अपशब्द कहने की शिकायत दर्ज कराई थी।
- पूछताछ के लिए थाने नहीं पहुंचने पर पुलिस टीम बुधवार दोपहर नागझिरी गांव पहुंची।
- आरोपी की पत्नी ने उसके घर पर नहीं होने की बात कही, लेकिन पुलिस को वह दरवाजे के पीछे खड़ा दिखाई दिया।
उज्जैन। पड़ोसी से मारपीट की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने कथित तौर पर लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया। घटना नागझिरी गांव की है। हमले में एसआई धारासिंह चावड़ा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस टीम आरोपी के मकान पर जांच के लिए पहुंची थी, जहां उसे विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि परिवार के सदस्यों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिसमें एसआई चावड़ा और चार अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए।
आठ दिन तक पूछताछ के लिए थाने नहीं पहुंचा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, कंचनबाई पिता भावसिंह बंजारा ने आठ दिन पहले उन्हेल थाने में अपने पड़ोसी सरदार सिंह के खिलाफ मारपीट और अपशब्द कहने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने सरदार पिता गब्बर बंजारा को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वह आठ दिन तक थाने नहीं पहुंचा।
इसके बाद पुलिस ने गांव जाकर जांच करने के लिए टीम बनाई। बुधवार दोपहर करीब 12:15 बजे एसआई धारासिंह चावड़ा पुलिसकर्मियों के साथ नागझिरी गांव पहुंचे। टीम में आरक्षक अखिलेश यादव, पंकज खरते, विक्रम राघव और महिला आरक्षक नेहा भालसे भी शामिल थीं।
आरोपी को थाने चलने के लिए कहा तो बढ़ा विवाद
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में उसके खेत पर बने मकान पहुंची और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। महिलाओं और बच्चों ने पुलिस को बताया कि आरोपी घर पर नहीं है। सरदार सिंह की पत्नी सुगनाबाई ने भी उसके बाहर होने की बात कही, जबकि इसी दौरान पुलिस को वह दरवाजे के पीछे खड़ा दिखाई दिया।
इसके बाद एसआई चावड़ा ने सरदार सिंह को जांच के सिलसिले में थाने चलने के लिए कहा। इस बात पर विवाद बढ़ गया।
एसआई समेत पांच पुलिसकर्मियों को आई चोटें
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद सरदार सिंह, सुगनाबाई, पूजा पति बबलू, अवंताबाई उर्फ संगीता, बापू, माखन पिता मुकेश और राजेश पिता गोरेलाल ने कथित तौर पर एकजुट होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। लाठी और पत्थरों से किए गए हमले में पुलिसकर्मी घायल हो गए।
एसआई चावड़ा के हाथ और गाल पर चोट आई है। इसी बीच आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सात नामजद आरोपियों की तलाश, दो महिलाओं से पूछताछ
घटना के बाद उन्हेल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कार्य में बाधा डालने, मारपीट और धमकी समेत अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है। मामले में सात नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पूछताछ के लिए दो महिलाओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.