शिवपुरी में दो बहनों की मौत से मचा हड़कंप, चार बच्चों के शव भी कुएं से मिले

HIGHLIGHTS
- पहली घटना में अंजली की बड़ी बेटी मोनिका ने खुद को और अपनी दो छोटी बहनों को बचा लिया।
- परिजनों के मुताबिक, सड़क हादसे में पति की मौत के बाद से अंजली मानसिक तनाव में थीं।
- दूसरी घटना में सीता अपने तीन बच्चों के साथ खेत में गई थीं, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटीं।
भोपाल। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में दो सगी बहनों से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाओं में चार बच्चों समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई। इनमें एक आठ महीने की गर्भवती महिला भी शामिल थी। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पहली घटना बुधवार को शिवपुरी के बैराड़ थाना क्षेत्र के गुंगरगांव में हुई। जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय अंजली रावत ने कथित तौर पर अपनी तीन बेटियों को कुएं में धकेल दिया। इसके बाद वह अपने छह वर्षीय बेटे प्रशांत को गोद में लेकर खुद भी कुएं में कूद गईं।
बड़ी बेटी ने दो छोटी बहनों को बचाया
इस घटना में अंजली की सबसे बड़ी बेटी मोनिका ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को और अपनी दो छोटी बहनों को बचा लिया। इसके बाद वह तुरंत घर पहुंची और परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी।
सड़क हादसे में पति की मौत के बाद तनाव में थीं अंजली
सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और अंजली व प्रशांत को कुएं से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले सड़क हादसे में अंजली के पति धर्मवीर सिंह रावत की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह काफी मानसिक तनाव में थीं।
बहन की मौत के बाद आठ महीने की गर्भवती सीता ने भी की आत्महत्या
दूसरी घटना सेसाई गांव की बताई जा रही है, जिसका संबंध पहली घटना से जोड़ा जा रहा है। अंजली की 40 वर्षीय सगी बहन सीता रावत बुधवार को अपने तीन बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ खोनकर गांव के एक खेत में गई थीं। शाम करीब छह बजे तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान परिवार के लोगों को एक कुएं के पास चप्पलें दिखाई दीं। कुएं के पानी में एक बच्चे का शव भी नजर आया। सूचना मिलने पर पुलिस ने रात करीब 11 बजे रेस्क्यू अभियान चलाकर सीता और उनके तीनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले। पुलिस के मुताबिक, सीता आठ महीने की गर्भवती थीं। इस घटना में उनके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।
दोनों बहनों के बीच था गहरा लगाव
मृतक बहनों के जीजा हकम सिंह ने बताया कि अंजली और सीता के बीच काफी गहरा रिश्ता था। दोनों अक्सर फोन पर एक-दूसरे से बातचीत करती थीं। रिश्तेदारों का मानना है कि अंजली की मौत से लगे गहरे सदमे और दुख के कारण सीता ने भी यह कदम उठाया।
पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद आगे की जांच शुरू कर दी गई है। एक के बाद एक हुई इन घटनाओं से पूरे इलाके में शोक छाया हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.