रक्षाबंधन पर गिले-शिकवे भुलाकर एक साथ आए तेजस्वी और तेजप्रताप, बहनों ने बांधी राखी

HIGHLIGHTS
- मीसा भारती के सरकारी आवास पर रक्षाबंधन के लिए जुटा परिवार
- दोनों भाइयों के साथ छह बहनें तस्वीरों में नजर आईं
- ग्रुप फोटो में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मौजूद रहीं
पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के दोनों बेटे तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव रक्षाबंधन के अवसर पर पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक साथ नजर आए।
यह मुलाकात नई दिल्ली में बड़ी बहन मीसा भारती के सरकारी आवास पर हुई, जहां परिवार की बहनों ने राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव को राखी बांधी।
इस मौके की तस्वीरें एक्स पर भी साझा की गईं। सिंगापुर में रह रहीं रोहिणी आचार्य को छोड़कर तस्वीरों में बाकी छह बहनें—मीसा भारती, चंदा, रागिनी, हेमा, अनुष्का और राजलक्ष्मी—दोनों भाइयों के साथ नजर आईं।
इस ग्रुप फोटो में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मौजूद थीं। तेजप्रताप यादव ने तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि समय बदल जाता है और हम बड़े हो जाते हैं, लेकिन भाई-बहन का प्यार और बचपन की यादें हमेशा दिल में बनी रहती हैं।
नीतीश ने रक्षाबंधन पर पेड़ को बांधा रक्षा सूत्र
वहीं, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को रक्षाबंधन और वृक्ष सुरक्षा दिवस के अवसर पर एक पेड़ को राखी बांधी। उन्होंने इस मौके पर प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
नीतीश कुमार ने रक्षाबंधन और बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस के अवसर पर पेड़ को रक्षा सूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण की रक्षा तथा वृक्षों का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि वृक्षों की सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना और ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाना समय की जरूरत है। रक्षाबंधन के पर्व पर पेड़ को रक्षा सूत्र बांधने की पहल प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना को मजबूत करती है।
नीतीश कुमार ने अपनी तीनों बहनों से राखी बंधवाने के बाद प्रदेशवासियों से एक पौधा लगाने, पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने और वृक्षों की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ और मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.