हस्तिनापुर में 13 वर्षीय छात्र की शिक्षक ने की बेरहमी से पिटाई, CCTV वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- परिजनों ने शिक्षक पर थप्पड़ और लात-घूंसों से पीटने का आरोप लगाया
- घटना के बाद छात्र के शरीर में गुम चोटें आने की बात कही गई
- पिता ने शिक्षक पर पहले भी बेटे को डांटने का आरोप लगाया
हस्तिनापुर। कस्बे के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के 13 वर्षीय छात्र की शिक्षक द्वारा कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया। छात्र के परिजन कॉलेज पहुंचे और प्रधानाचार्य से शिकायत की। इसके साथ ही शिक्षक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
मकदूमपुर कॉलोनी निवासी छात्र पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ता है। परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे कॉलेज का एक शिक्षक कक्षा में आया और किसी बात को लेकर छात्र की पिटाई करने लगा। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र को थप्पड़ मारने के साथ लात-घूंसों से भी पीटा। छात्र के चीखने-चिल्लाने के बावजूद शिक्षक लगातार उसे थप्पड़ और घूंसे मारता रहा। घटना के बाद छात्र के शरीर पर अंदरूनी चोटें आई हैं और वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।
छात्र के साथ हुई मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में शिक्षक छात्र के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है। छात्र के पिता का आरोप है कि शिक्षक पहले से ही उनके बेटे को बिना वजह डांटते-फटकारते थे। तहरीर में यह आरोप भी लगाया गया है कि शिक्षक ने छात्र का नाम स्कूल से काटने की धमकी दी थी।
प्रधानाचार्य अमित कुमार से की शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र के परिजन कॉलेज पहुंचे और प्रधानाचार्य अमित कुमार के सामने मामले की शिकायत रखी। इसके बाद छात्र के पिता ने थाना हस्तिनापुर में शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर शिक्षक अनुज कुमार त्यागी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये बोले प्रधानाचार्य
प्रधानाचार्य अमित कुमार ने बताया कि छात्र के परिजनों की ओर से शिक्षक द्वारा पिटाई किए जाने की शिकायत मिली है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.