दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर पलटी थार, आगरा के तीन युवकों की मौत

HIGHLIGHTS
- पांचों दोस्त शनिवार रात आगरा से हरिद्वार के लिए निकले थे।
- कार डिवाइडर तोड़कर सड़क की दूसरी ओर पलट गई।
- मृतकों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच थी।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नागल क्षेत्र के बेलड़ा जुनारदार के पास गोल चक्कर पर तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आगरा के तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान साहिल तिवारी (25), सक्षम उपाध्याय (22) और राहुल कुमार (24) के रूप में हुई है। साहिल तिवारी आगरा के शांतिनगर, कमला नगर के निवासी थे। सक्षम उपाध्याय रैनका बाग और राहुल कुमार तेहड़ी बगिया के रहने वाले थे।
दुर्घटना में घायल सचिन और हेमंत को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, आगरा निवासी पांच दोस्त शनिवार रात करीब नौ बजे हरिद्वार जाने के लिए घर से निकले थे। सभी थार कार में सवार थे। रविवार तड़के लगभग चार बजे बेलड़ा जुनारदार के पास गोल चक्कर पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
डिवाइडर तोड़कर दूसरी ओर पलटी कार
तेज रफ्तार थार कार सड़क के डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी ओर पलट गई। हादसे में कार सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने साहिल तिवारी, सक्षम उपाध्याय और राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल हेमंत वर्मा और सचिन वर्मा का उपचार शुरू किया गया।
शनिवार रात हरिद्वार के लिए निकले थे पांचों दोस्त
आगरा से हरिद्वार जा रहे पांच दोस्तों के साथ हुए इस हादसे ने उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। शनिवार रात करीब नौ बजे घर से निकले युवकों के साथ रविवार तड़के हुई इस दुर्घटना में तीन की जान चली गई, जिससे उनके परिजनों में कोहराम मच गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.