सहारनपुर में आकाश आनंद का भाजपा-कांग्रेस पर हमला, अखिलेश यादव को बताया भ्रमित नेता

HIGHLIGHTS
- आकाश आनंद ने दस साल में विज्ञापनों पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप लगाया।
- पेपर लीक और बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।
- कांग्रेस पर बाबा साहब को भारत रत्न देने में देरी करने का आरोप लगाया।
सहारनपुर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने भाजपा और कांग्रेस को एक सिक्के के दो पहलू बताया। वहीं, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भ्रमित नेता करार दिया। उन्होंने अखिलेश यादव के चवन्नी वाले बयान पर भी आपत्ति जताई। आकाश आनंद सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र के गांव सौराना में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने तीनों दलों पर निशाना साधते हुए उन्हें दलित विरोधी बताया।
आकाश आनंद दोपहर के समय जनसभा के मंच पर पहुंचे। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दस साल में झूठे विज्ञापनों और बैनरों पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए। शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाते हुए उन्होंने युवाओं को साधने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार नहीं देना चाहती है, इसलिए जानबूझकर पेपर लीक कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार चाहिए, मुफ्त का राशन नहीं।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कांग्रेस को लेकर आकाश आनंद ने कहा कि पार्टी हर काम में बाबा साहब का जिक्र करती है, लेकिन उनकी सरकार ने बाबा साहब को भारत रत्न देने में दशकों लगा दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों ने संविधान में बाबा साहब द्वारा की गई आरक्षण की व्यवस्था को पूरी तरह लागू नहीं किया।
भाजपा और कांग्रेस को एक सिक्के के दो पहलू बताते हुए उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां भी भाजपा सरकार की तरह काम किया जा रहा है। झारखंड में पेपर लीक होने पर कांग्रेस नेताओं ने चुप्पी साध ली और आंदोलन कर रहे युवाओं पर लाठियां तक बरसाई गईं।
आकाश आनंद ने कहा कि जब दिल्ली में जेनजी आंदोलन कर रहे थे, तब राहुल गांधी अपनी राजनीति चमकाने के लिए आंदोलन में शामिल हो गए। भाजपा और कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि इनमें एक नाग है तो दूसरा शेषनाग है।
अखिलेश यादव को बताया भ्रमित नेता
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने उन्हें भ्रमित नेता बताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को यह भी नहीं पता कि वह किस दिशा में जा रहे हैं। कभी पीडीए में पी का मतलब पंडित बताते हैं तो कभी पिछड़ा।
आकाश आनंद ने जयंत चौधरी को लेकर अखिलेश यादव के चवन्नी वाले बयान पर भी आपत्ति जताई। इस दौरान उन्होंने सपा सरकार में हुए मुजफ्फरनगर दंगे का भी जिक्र किया।
भाषा पर रखा संयम
जनसभा में आकाश आनंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव का कई बार नाम लिया। हालांकि, हर बार उनके नाम के साथ श्री और बाद में जी का संबोधन किया।
अखिलेश यादव पर बोलते समय सामने बैठी जनता ने कई बार टिप्पणी की। एक युवक ने अखिलेश यादव के लिए अंकल जी शब्द का इस्तेमाल किया। इस पर आकाश आनंद ने कहा कि यह आप बोल सकते हैं, मैं नहीं।
नरेश सैनी को नकुड़ से प्रत्याशी घोषित किया
जनसभा के दौरान आकाश आनंद ने नरेश सैनी को नकुड़ विधानसभा क्षेत्र से बसपा का प्रत्याशी घोषित किया। इससे पहले पार्टी की ओर से सहारनपुर देहात से फिरोज आफताब को प्रत्याशी घोषित किया जा चुका है। वहीं, बेहट विधानसभा क्षेत्र से रोहित राणा का नाम तय माना जा रहा है।
जनसभा में ये रहे मौजूद
जनसभा में पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली, रणधीर सिंह बेनीवाल, डॉ. मेघराज जरावरे, रजनीश बंधु, जनेश्वर प्रसाद, जगपाल सिंह, प्रताप सिंह, ऋषिपाल, रामकुमार शिंदे, अनिल कुमार पप्पू, रजनीश उजाला, मेहरबान प्रमुख, कुलदीप बालियान और सरफराज राइन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.