सहारनपुर: 4.16 करोड़ रुपये की स्मैक के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- दो आरोपियों के पास से 2 किलो 83 ग्राम स्मैक बरामद।
- बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 4.16 करोड़ रुपये।
- आस मोहम्मद के बहनोई ने उपलब्ध कराए थे मोबाइल और सिम कार्ड।
बरेली से स्मैक की खेप लेकर पहुंचे दो नशा तस्करों को तीतरो पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो किलो 83 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.16 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी आस मोहम्मद के सगे बहनोई ने दोनों को मोबाइल फोन और सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे। अब पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
पुलिस लाइन में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि रविवार रात तीतरो थाना प्रभारी सचिन पूनिया के नेतृत्व में पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गढ़ीपुख्ता रोड से शोएब निवासी तितरवाड़ा, थाना कैराना, शामली और आस मोहम्मद उर्फ आशु निवासी नवाजपुर, थाना नकुड़ को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो किलो 83 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और 5,600 रुपये बरामद हुए। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4.16 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक साथी के कहने पर बरेली से स्मैक लेने गए थे। साथी ने उन्हें एक पैकेट में नकदी दी थी, जिसे बरेली में उसके बताए व्यक्ति को सौंप दिया गया। इसके बाद उस व्यक्ति ने दोनों को अलग-अलग एक-एक किलो स्मैक के पैकेट दिए। आरोपियों का तीसरा साथी आस मोहम्मद का सगा बहनोई है। उसी ने दोनों को मोबाइल फोन और सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे। पुलिस अब इस साथी समेत पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
कौन है स्मैक की खेप देने वाला तस्कर?
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरेली में दोनों आरोपियों को स्मैक देने वाला व्यक्ति कौन है और इस खेप की आगे कहां आपूर्ति की जानी थी। बरामद मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी खंगाली जाएगी। इसके जरिए पता लगाया जाएगा कि आरोपी किन मोबाइल नंबरों पर सबसे ज्यादा बात करते थे और उनके फोन में किन लोगों के नंबर मौजूद हैं।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं नशा तस्करी के मुकदमे
एसपी सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक, शोएब के खिलाफ वर्ष 2025 में थाना गंगोह में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। वहीं, आस मोहम्मद के खिलाफ लक्सर, हरिद्वार में भी मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ तीतरो थाने में भी मौजूदा मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.